फतेहाबाद पुलिस का नशा तस्करों पर डबल एक्शन: 30 लाख की स्कॉर्पियो फ्रीज और 58 लाख की कोकीन के साथ तीन गिरफ्तार

फतेहाबाद पुलिस का नशा तस्करों पर डबल एक्शन: 30 लाख की स्कॉर्पियो फ्रीज और 58 लाख की कोकीन के साथ तीन गिरफ्तार

फतेहाबाद पुलिस का नशा तस्करों पर डबल एक्शन: गिरफ्तारी के साथ अवैध कमाई से अर्जित संपत्ति पर भी प्रहार

 रतिया निवासी नशा तस्कर रमनदीप की करीब 30 लाख रुपये मूल्य की दो महिन्द्रा स्कॉर्पियो गाड़ियां फ्रीज 

फतेहाबाद /12 सितंबर 2026  /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

फतेहाबाद पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करते हुए एक बड़ा अभियान चलाया है। पुलिस ने नशा तस्करों की गिरफ्तारी के साथ-साथ उनकी अवैध कमाई से अर्जित संपत्ति पर भी कड़ा प्रहार किया है। इस अभियान के तहत रतिया निवासी नशा तस्कर रमनदीप की करीब 30 लाख रुपये मूल्य की दो महिन्द्रा स्कॉर्पियो गाड़ियां फ्रीज कर दी गई हैं। इसके अलावा सीआईए टोहाना की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए भूना रोड फ्लाईओवर के पास से करीब 58 लाख रुपये कीमत की 114.19 ग्राम कोकीन के साथ दो युवकों और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है।

रमनदीप की 30 लाख रुपये की दो महिन्द्रा स्कॉर्पियो गाड़ियां फ्रीज

फतेहाबाद पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर के दिशा-निर्देशन में जिले में नशा तस्करी के खिलाफ बहुआयामी रणनीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की कार्रवाई केवल नशीले पदार्थों की बरामदगी या आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। पुलिस नशा तस्करी से जुड़े धन के स्रोत, चल-अचल संपत्तियों, बैंक खातों और अन्य आर्थिक संसाधनों की भी गहन वित्तीय जांच कर रही है।

वर्ष 2026 में 1 जनवरी से अब तक 480 नशा तस्करों को काबू किया जा चुका है। नशा तस्करों के आर्थिक नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए वित्तीय जांच के आधार पर अब तक 32 नशा तस्करों की कुल 5 करोड़ 24 लाख 98 हजार 149 रुपये मूल्य की संपत्ति फ्रीज करवाई जा चुकी है।

रतिया निवासी नशा तस्कर रमनदीप पुत्र मंगल राम निवासी वार्ड नंबर 13, टिब्बा कॉलोनी रतिया की करीब 30 लाख रुपये मूल्य की दो महिन्द्रा स्कॉर्पियो गाड़ियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-F(1) के तहत फ्रीज करवाया गया है। इस कार्रवाई को सक्षम प्राधिकारी SAFEMA, नई दिल्ली द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई है। एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस संबंध में जानकारी दी।

2016 के हेरोइन मामले से जुड़ी वित्तीय जांच में दो स्कॉर्पियो फ्रीज

पुलिस ने 7 मई 2016 को आरोपी रमनदीप को काबू कर उसके कब्जे से 7 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। इस संबंध में थाना शहर रतिया में अभियोग नंबर 287 दिनांक 07.05.2016 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया गया था। बस अड्डा पुलिस चौकी फतेहाबाद प्रभारी उपनिरीक्षक सुमित कुमार तथा प्रॉपर्टी अटैचमेंट सेल, फतेहाबाद द्वारा उसकी आय, संपत्ति एवं आर्थिक स्रोतों की गहन पड़ताल की गई।

वित्तीय जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी से संबंधित दो महिन्द्रा स्कॉर्पियो गाड़ियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-F(1) के तहत फ्रीज करने की कार्रवाई की गई। 11 अगस्त 2026 को फ्रीजिंग आदेश जारी किया गया था। इस मामले से संबंधित रिकॉर्ड सक्षम प्राधिकारी SAFEMA, नई दिल्ली के समक्ष भेजा गया, जहां से 9 सितंबर 2026 को फ्रीजिंग आदेश को स्वीकृति प्रदान की गई। फ्रीजिंग आदेश प्रभावी होने के बाद संबंधित संपत्ति को सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना बेचा या हस्तांतरित नहीं किया जा सकता।

आरोपी रमनदीप के खिलाफ दर्ज हैं कई एनडीपीएस मामले

एएसपी ने बताया कि आरोपी रमनदीप के खिलाफ उपरोक्त मामले के अतिरिक्त अलग-अलग समय पर एनडीपीएस एक्ट के तहत अन्य मामले भी दर्ज हैं। इनमें अभियोग नंबर 447 दिनांक 27.08.2018 धारा 21बी/61-85 एनडीपीएस एक्ट थाना सदर रतिया शामिल है। अभियोग नंबर 347 दिनांक 23.11.2023 धारा 21बी/61-85 एनडीपीएस एक्ट थाना शहर रतिया दर्ज है।

इसके अलावा अभियोग नंबर 142 दिनांक 15.06.2025 धारा 21बी/61-85 एनडीपीएस एक्ट थाना शहर रतिया दर्ज है। अभियोग नंबर 26 दिनांक 22.01.2026 धारा 21बी/61-85 एनडीपीएस एक्ट थाना शहर रतिया दर्ज है। साथ ही अभियोग नंबर 56 दिनांक 01.03.2026 धारा 21बी/61-85 एनडीपीएस एक्ट थाना शहर रतिया दर्ज है।

गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी कार्रवाई, नशे की कमाई पर होगा प्रहार

एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने कहा कि जिला पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में फतेहाबाद पुलिस नशा तस्करी के विरुद्ध पूरी प्रतिबद्धता और सख्ती के साथ कार्रवाई कर रही है। नशा तस्करों की गिरफ्तारी के साथ-साथ उनकी संदिग्ध संपत्तियों, आय के स्रोतों और वित्तीय लेन-देन की भी लगातार जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अन्य नशा तस्करों की संपत्तियों के खिलाफ भी कानून के अनुसार फ्रीजिंग एवं अटैचमेंट की कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने नशा तस्करों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि नशे के अवैध कारोबार से संपत्ति खड़ी करने वाले तस्कर यह समझ लें कि पुलिस की कार्रवाई केवल उनकी गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी। नशे से अर्जित अवैध कमाई, संपत्ति और पूरे आर्थिक नेटवर्क पर भी कानून के तहत प्रभावी प्रहार किया जाएगा।

आमजन से नशा तस्करों की सूचना पुलिस को देने की अपील

फतेहाबाद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशीले पदार्थ बेचने, खरीदने, सप्लाई करने अथवा नशा तस्करी से संबंधित किसी अन्य गतिविधि में संलिप्त हो तो उसकी सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्ण रूप से गोपनीय रखी जाएगी। फतेहाबाद पुलिस का लक्ष्य स्पष्ट है कि नशा तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचाने के साथ-साथ नशे से अर्जित उनकी अवैध संपत्ति एवं आर्थिक नेटवर्क पर प्रहार कर जिले को नशामुक्त और सुरक्षित बनाया जाए।

सीआईए टोहाना का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, करीब 58 लाख रुपये कीमत की 114.19 ग्राम कोकीन सहित तीन आरोपी काबू

जिले को नशामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत फतेहाबाद पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। सीआईए टोहाना की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए भूना रोड फ्लाईओवर के पास एक कार में सवार दो युवकों व एक महिला आरोपी को करीब 58 लाख रुपये कीमत की 114.19 ग्राम कोकीन सहित काबू किया है। पुलिस ने नशा तस्करी में प्रयुक्त Hyundai Aura कार को भी कब्जे में लिया है।

आरोपियों की पहचान सोनू कुमार पुत्र कृष्ण निवासी गांव खानक जिला भिवानी हाल शीशमहल वाली गली मॉडल टाउन हिसार, रविन्द्र शर्मा पुत्र गोविन्द शर्मा निवासी गांव नलवा जिला हिसार तथा नीशा उर्फ नैना पुत्री सुरेश राम निवासी जी-30 मोती नगर नई दिल्ली हाल नजदीक आईटीआई चौक हिसार के रूप में हुई है। आरोपियों को नियमानुसार माननीय न्यायालय में पेश कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

पुलिस को देखकर कार भगाने का प्रयास, तत्परता से तीनों काबू

एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर के दिशा-निर्देशन में जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सीआईए टोहाना प्रभारी उपनिरीक्षक अजय कुमार के नेतृत्व में एएसआई जतिन्द्र सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ 11 सितंबर को नया बस अड्डा फतेहाबाद क्षेत्र में गश्त पर मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि दो युवक व एक महिला Hyundai Aura कार में भारी मात्रा में कोकीन लेकर भूना रोड फ्लाईओवर के नजदीक सर्विस रोड पर मौजूद हैं और नशीला पदार्थ बेचने के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं।

सूचना को विश्वसनीय मानते हुए पुलिस टीम ने तत्काल बताए गए स्थान पर दबिश दी। मौके पर संदिग्ध कार दिखाई देने पर पुलिस टीम ने उसे रुकने का संकेत दिया। पुलिस को देखकर कार चालक ने गाड़ी भगाने का प्रयास किया, लेकिन सीआईए टोहाना की टीम ने तत्परता एवं सतर्कता दिखाते हुए कार को काबू कर उसमें सवार तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।

आरोपियों एवं कार की तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 114.19 ग्राम कोकीन बरामद की। बरामद कोकीन की अनुमानित कीमत करीब 58 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ के साथ-साथ तस्करी में प्रयुक्त Hyundai Aura कार को भी कब्जे में ले लिया। इस संबंध में थाना शहर फतेहाबाद में मुकदमा नंबर 401 दिनांक 11.09.2026, धारा 21C/61/85 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।

नशे की सप्लाई चेन के अंतिम छोर तक पहुंचेगी पुलिस

एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाएगी कि कोकीन कहां से लाई गई थी, इसकी सप्लाई किसने की, इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था तथा इस नेटवर्क में और कौन-कौन व्यक्ति शामिल हैं। आरोपियों के संपर्कों एवं पूरे सप्लाई नेटवर्क की भी जांच की जाएगी।

एएसपी ने कहा कि पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर के नेतृत्व में फतेहाबाद पुलिस की नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई केवल नशीले पदार्थ की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी। प्रत्येक बड़े मामले में नशे के स्रोत, सप्लायर, स्थानीय नेटवर्क और आगे के खरीदारों तक पहुंचने के लिए गहन जांच की जा रही है।

फतेहाबाद पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि फतेहाबाद जिले में नशे का कारोबार करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। नशा तस्करी में शामिल प्रत्येक व्यक्ति को कानून के दायरे में लाया जाएगा और पूरे नेटवर्क को जड़ से ध्वस्त करने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई जारी रखेगी। फतेहाबाद पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशी पदार्थों की खरीद-फरोख्त अथवा तस्करी में संलिप्त है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्ण रूप से गोपनीय रखी जाएगी।

Share:

Comments

Leave a comment