फतेहाबाद पुलिस का नशा तस्करों पर डबल एक्शन: 80 लाख की अवैध संपत्ति फ्रीज, 33 तस्करों की करोड़ों की संपत्ति पर शिकंजा

www.atalhind.com19 June 20264 min read0 viewsफतेहाबाद
फतेहाबाद पुलिस का नशा तस्करों पर डबल एक्शन: 80 लाख की अवैध संपत्ति फ्रीज, 33 तस्करों की करोड़ों की संपत्ति पर शिकंजा
फतेहाबाद पुलिस का ‘डबल एक्शन’ जारी : नशा तस्करों पर बड़ी चोट, अब अवैध संपत्तियां भी कानून के शिकंजे में
 तीन कुख्यात नशा तस्करों की 62 लाख 20 हजार रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति फ्रीज, वर्तमान बाजार मूल्य करीब 80 लाख रुपये
अब तक 33 नशा तस्करों की करोड़ों रुपये मूल्य की अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई
एसपी निकिता खट्टर की दो टूक चेतावनी : “अब नशा तस्करों को केवल जेल ही नहीं, बल्कि अपराध से अर्जित एक-एक रुपये का भी हिसाब देना होगा
फतेहाबाद/19 जून/ योगेश खनेजा
एएसपी  दिव्याशीं सिंगला, आईपीएस ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस के नेतृत्व में फतेहाबाद पुलिस द्वारा नशा तस्करी के विरुद्ध चलाया जा रहा अभियान लगातार और अधिक प्रभावी होता जा रहा है। अब पुलिस की कार्रवाई केवल नशा तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी अवैध कमाई और उससे अर्जित चल-अचल संपत्तियों पर भी कानून के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है।
       उन्होंने बताया कि इसी “डबल एक्शन” रणनीति के तहत फतेहाबाद पुलिस ने तीन आदतन नशा तस्करों की 62 लाख 20 हजार रुपये से अधिक मूल्य की अवैध संपत्तियों को फ्रीज कराया है, जिनकी वर्तमान बाजार कीमत लगभग 80 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अतिरिक्त फतेहाबाद पुलिस अब तक 33 नशा तस्करों की करोड़ों रुपये मूल्य की अवैध संपत्तियों को कानून के दायरे में लाकर फ्रीज करा चुकी है ।
पहला मामला : भूना का आदतन नशा तस्कर
            एएसपी ने बताया कि थाना भूना में वर्ष 2026 में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले में गिरफ्तार आकाश उर्फ रिंकू निवासी भूना के विरुद्ध वित्तीय जांच के दौरान उसकी आय से अधिक संपत्ति होने के प्रमाण मिले। इसके बाद एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68-F(1) के तहत लगभग 60 लाख रुपये मूल्य के उसके आवासीय मकान को फ्रीज किया गया।
 उन्होंने बताया कि आरोपी कोई पहली बार अपराध करने वाला व्यक्ति नहीं है। उसके विरुद्ध वर्ष 2019, 2021 और 2022 में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हो चुके हैं। लगातार दर्ज मामलों से स्पष्ट है कि आरोपी लंबे समय से नशा तस्करी में संलिप्त रहा है और आदतन अपराधी है।
दूसरा मामला : आदतन तस्कर की कार भी कानून के कब्जे में
           एएसपी दिव्याशीं सिंगला ने बताया कि थाना शहर फतेहाबाद के बस अड्डा पुलिस चौकी क्षेत्र में गिरफ्तार दीपक कुमार उर्फ दीपू की वित्तीय प्रोफाइलिंग के दौरान उसकी लगभग 1.50 लाख रुपये मूल्य की मारुति सुजुकी रिट्ज कार को फ्रीज किया गया।
    उन्होंने बताया कि आरोपी वर्ष 2018 से नशा तस्करी में सक्रिय है तथा उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के एकाधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2018, 2022 तथा 2025 में उसके खिलाफ हेरोइन तस्करी सहित विभिन्न मामलों में कार्रवाई हो चुकी है। उसका आपराधिक रिकॉर्ड दर्शाता है कि वह लगातार नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त रहा है।
तीसरा मामला : बाइक भी नहीं बचा सकी काली कमाई
 प्रेस वार्ता में एएसपी ने बताया कि थाना शहर फतेहाबाद की हुड्डा पुलिस चौकी द्वारा गिरफ्तार अतुल उर्फ आशू के विरुद्ध भी विस्तृत वित्तीय जांच की गई। जांच में उसकी लगभग 70 हजार रुपये मूल्य की टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल को एनडीपीएस अधिनियम के तहत फ्रीज किया गया।
 उन्होंने बताया कि आरोपी के विरुद्ध वर्ष 2018, 2022 तथा वर्ष 2026 में भी एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हो चुके हैं। लगातार आपराधिक रिकॉर्ड यह दर्शाता है कि वह भी आदतन नशा तस्कर है।
    एएसपी ने बताया कि तीनों मामलों में विस्तृत Financial Profiling के बाद SAFEMA, नई दिल्ली से स्वीकृति प्राप्त कर एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68-F(1) के तहत संपत्तियों को फ्रीज किया गया है। अब इन संपत्तियों को सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना न बेचा जा सकता है और न ही हस्तांतरित किया जा सकता है।
 उन्होंने कहा कि नशा तस्करी के विरुद्ध यह रणनीति केवल अपराधियों को गिरफ्तार करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके पूरे आर्थिक नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में प्रभावी कदम है। अपराध से अर्जित संपत्तियों पर कार्रवाई कर पुलिस यह सुनिश्चित कर रही है कि नशे के कारोबार से कमाई गई अवैध संपत्ति का कोई लाभ अपराधियों को न मिल सके। प्रेस वार्ता के दौरान एएसपी दिव्याशीं सिंगला* ने नशा तस्करों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि “जो लोग युवाओं का भविष्य बर्बाद कर नशे का कारोबार कर रहे हैं, वे यह समझ लें कि अब फतेहाबाद पुलिस केवल उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजने तक सीमित नहीं रहेगी। अपराध से अर्जित उनकी चल-अचल संपत्तियों की भी गहन जांच होगी और कानून के तहत उन्हें फ्रीज तथा जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। अपराध से कमाई गई एक-एक पाई का हिसाब लिया जाएगा।”
उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कहीं भी नशा तस्करी से संबंधित कोई सूचना मिले तो तुरंत फतेहाबाद पुलिस को अवगत कराएं। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
  फतेहाबाद पुलिस का स्पष्ट संदेश है— नशे का कारोबार करने वालों के लिए जिले में अब कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं है। अब जेल के साथ-साथ अपराध से अर्जित अवैध संपत्ति भी कानून के कब्जे में जाएगी। फतेहाबाद पुलिस नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क को जड़ से समाप्त करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment