मर्डर के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो डाला, बोले- गवाही देने पर होगा बुरा अंजाम

फतेहाबाद के गांव झलनिया में टाइल मिस्त्री महेंद्र की हत्या के पांचों आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने गांव में निकाली परेड
फतेहाबाद / 26 अगस्त 2026 / अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
फतेहाबाद के गांव झलनिया में सोमवार देर रात टाइल मिस्त्री महेंद्र की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। फतेहाबाद पुलिस ने पकड़े गए पांचों आरोपियों की बुधवार को गांव में ले जाकर परेड करवाई। आरोपियों को गांव की गलियों में पैदल घुमाया गया। पुलिस ने उनसे हत्या से पहले वह कहां बैठे और हत्या कहां की, सभी जगह की निशानदेही भी करवाई। हत्या के बाद मामले में नामजद आरोपी रामू द्वारा सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया गया था। वीडियो में कहा गया था कि झलानिया वाला हत्याकांड उन्होंने किया है और जो भी इस मामले में गवाही देगा, उसके साथ भी यही किया जाएगा। इस वीडियो में कुछ अन्य युवक भी दिख रहे थे। इसी दहशत को खत्म करने के लिए पुलिस द्वारा आरोपियों की परेड कराने का कदम उठाया गया।
महेंद्र की हत्या का पूरा मामला
गांव झलनिया निवासी 40 वर्षीय महेंद्र टाइल लगाने का काम करता था। 24 अगस्त की रात करीब 9 बजे जब वह काम निपटाकर अपनी बाइक से घर लौट रहा था, तब गांव में घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने महेंद्र पर लाठी-डंडों और तेजधार हथियारों से ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। वारदात की सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस और सीआईए की टीमों ने सीन ऑफ क्राइम टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और साक्ष्य जुटाए। मृतक के भाई बुधराम के बयानों के आधार पर पुलिस ने गांव के ही देवेंद्र, दर्शन सिंह, अजय, रामू और सतीश के खिलाफ केस दर्ज किया। शिकायत में बताया गया कि बीते होली के त्योहार पर महेंद्र का देवेंद्र के साथ विवाद हुआ था, जिसकी रंजिश रखते हुए इस वारदात को अंजाम दिया गया।
सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर दी थी धमकी
हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी अपलोड किया था। इस वीडियो में उन्होंने झलनिया कांड करने की बात स्वीकारते हुए बीच में बोलने वालों को अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। डीएसपी के अनुसार, एफआईआर में दर्ज शिकायत के साथ-साथ सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच का दायरा बढ़ाया गया। इस जांच में नामजद आरोपियों के अलावा अन्य सह-आरोपियों की संलिप्तता भी उजागर हुई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य नामजद आरोपियों सहित वीडियो व साक्ष्यों के आधार पर पहचान किए गए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। काबू किए गए आरोपियों की पहचान रामू निवासी झलनिया, अजय निवासी झलनिया, रोहन निवासी भिरडाना, गौरव उर्फ गुरप्रीत निवासी माजरा और शंकर के रूप में हुई है। वारदात के बाद गांव में दहशत फैलाने और सोशल मीडिया पर धमकी देने वाले आरोपियों का जुलूस निकालते हुए पुलिस उन्हें गांव झलनिया लेकर पहुंची। पुलिस की टीम ने आरोपियों को उसी स्थान पर पैदल घुमाया जहां उन्होंने वारदात को अंजाम दिया था।