जिला में चल रहे घर-घर सत्यापन अभियान को प्रभावी ढंग से किया जा रहा हैं संचालित: डीसी डाॅ. विवेक भारती
-14.25 प्रतिशत मतदाताओं को वितरित किया गया गणना प्रपत्र, हेल्पलाइन नंबर पर काॅल करके प्राप्त करें जानकारी
फतेहाबाद, 17 जून 2026/अटल हिन्द ब्यूरो
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी डाॅ. विवेक भारती ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूचियों के शुद्धिकरण एवं अद्यतन का कार्य आगामी 14 जुलाई 2026 तक चलेगा। इस कार्यक्रम के लिए जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के 708 मतदान केंद्रों से संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) ने घर-घर जाकर मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित करना शुरू कर दिया है। इसके बाद मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरकर अपने हस्ताक्षर के साथ बीएलओ के पास जमा करवाना होगा, जिस पर रंगीन फोटो भी लगाना अनिवार्य है।
* अबतक 14.25 प्रतिशत मतदाताओं को गणना प्रपत्र किया गया वितरित*
डीसी डाॅ. विवेक भारती ने बताया कि जिला फतेहाबाद में कुल 7 लाख 10 हजार 261 मतदाता पंजीकृत हैं, अब तक इनमें से 1 लाख 1 हजार 215 मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किये जा चुके हैं जो कुल 14.25 प्रतिशत हैं। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया जा रहा हैं कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे तथा कोई अपात्र व्यक्ति सूची में दर्ज न होने पाए। जिला में अभियान को पूर्ण पारदर्शिता एवं गंभीरता के साथ संचालित किया जा रहा हैं। डीसी डाॅ. विवेक भारती ने बताया कि 21 जुलाई 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप (ड्राफ्ट) प्रकाशित किया जाएगा। इसके उपरांत 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निपटारा 18 सितंबर 2026 तक किया जाएगा तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 सितंबर 2026 को किया जाएगा।
*यह दस्तावेज करने होंगें प्रस्तुत*
डीसी डाॅ. विवेक भारती ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान 1 जुलाई 1987 से पूर्व जन्मे नागरिकों को अपनी आयु एवं पहचान संबंधी एक मान्य दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा। वहीं 1 जुलाई 1987 से 2 दिसंबर 2004 के बीच जन्मे व्यक्तियों को अपना एक दस्तावेज तथा माता या पिता में से किसी एक का दस्तावेज देना होगा। इसके अतिरिक्त 2 दिसंबर 2004 के बाद जन्मे आवेदकों को अपना एक दस्तावेज तथा माता-पिता दोनों के एक-एक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। बीएलओ द्वारा प्रत्येक घर एवं मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित की जा रही हैं तथा अभियान को जिले में सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्य में सभी राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) का भी सहयोग लिया जा रहा हैं। यह विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 1 जुलाई 2026 को आधार तिथि मानकर संचालित किया जा रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिलावासियों से भी अपील की है कि वे गणना फार्म को अच्छी प्रकार से भरकर अपने हस्ताक्षर करते हुए बीएलओ को सौंपे।
*हेल्पलाइन नंबर पर काॅल करके प्राप्त करें जानकारी*
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान के तहत जिला में मतदाताओं को समयबद्ध एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हेल्पलाइन नंबर 1950 हैं। उन्होंने बताया कि इन हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से नागरिक विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन करवाने, स्थानांतरण, मतदान केंद्र संबंधी जानकारी तथा अन्य निर्वाचन सेवाओं के विषय में भी नागरिकों को मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।
डीसी डाॅ. विवेक भारती ने बताया कि जिला में चल रहे घर-घर सत्यापन अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। बीएलओ से नियमित फीडबैक प्राप्त कर रहे हैं तथा फील्ड स्तर पर आने वाली समस्याओं के समाधान में सहयोग कर रहे हैं। इससे अभियान की प्रगति पर सतत निगरानी रखी जा रही है और आवश्यकतानुसार त्वरित सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान बीएलओ को सही एवं अपडेटेड जानकारी उपलब्ध कराएं तथा किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
Add A Comment


