गन्नौर के सभी स्कूल, कॉलेज और कोचिंग सेंटरों की होगी सुरक्षा जांच, नियमों की अनदेखी पर होगी सख्त कार्रवाई

गन्नौर क्षेत्र के सभी स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर, आईटीआई व प्ले स्कूलों की होगी
सुरक्षा जांचसुरक्षा मानकों की अवहेलना करने वाले संस्थानों पर होगी सख्त कार्रवाई,
जरूरत पड़ने पर किया जाएगा सील : एसडीएम प्रवेश कादियानक्षेत्रवार अधिकारियों की
कमेटियां गठित, समयबद्ध तरीके से होगी सुरक्षा मानकों की सघन जांच
रणबीर सिंह,/ सोनीपत/ 10 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
गन्नौर क्षेत्र के सभी स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर, आईटीआई व प्ले स्कूलों की सुरक्षा जांच की जाएगी। विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उपमंडल गन्नौर के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित सभी संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की सघन जांच की जाएगी। इस संबंध में गुरुवार को उपमंडलीय परिसर में एसडीएम प्रवेश कादियान की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई।
शिक्षण संस्थानों के सुरक्षा मानकों की होगी सघन जांच
बैठक में एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिक्षण संस्थानों की संरचनात्मक सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा, प्रवेश एवं निकासी व्यवस्था, आपातकालीन निकासी मार्ग, बेसमेंट के उपयोग, विद्युत सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरों सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की जाए। उन्होंने कहा कि जांच प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था का मूल्यांकन करते हुए रिपोर्ट समयबद्ध तरीके से प्रस्तुत की जाए।
अधिकारियों की कमेटियां गठित और सख्त कार्रवाई की चेतावनी
एसडीएम प्रवेश कादियान ने बताया कि गन्नौर शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र को अलग-अलग क्षेत्रों में विभाजित कर संबंधित विभागों के अधिकारियों की कमेटियां गठित की गई हैं। ये कमेटियां अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में स्थित सभी शिक्षण संस्थानों का निरीक्षण करेंगी तथा सुरक्षा मानकों से संबंधित प्रत्येक पहलू की जांच करेंगी। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की सुरक्षा मानकों के साथ किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि जांच के दौरान किसी संस्थान में सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी, लापरवाही अथवा अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित संस्थान के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई करने के साथ संस्थान को सील करने की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
मौके पर जाकर भौतिक निरीक्षण करने के निर्देश
एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जांच के दौरान केवल कागजी औपचारिकताओं तक सीमित न रहें, बल्कि मौके पर जाकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का भौतिक निरीक्षण करें। विशेष रूप से आपात स्थिति में विद्यार्थियों के सुरक्षित बाहर निकलने की व्यवस्था, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता, भवन की स्थिति, विद्युत व्यवस्था, बेसमेंट में संचालित गतिविधियां तथा सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था की जांच पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होना बेहद जरूरी है, क्योंकि यहां बड़ी संख्या में बच्चे एवं युवा प्रतिदिन उपस्थित रहते हैं। समय रहते सुरक्षा खामियों की पहचान कर उन्हें दूर करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी संस्थान संचालकों से भी अपील की कि वे जांच टीमों का सहयोग करें और निर्धारित सुरक्षा मानकों को पूरी तरह लागू करना सुनिश्चित करें।