तरावड़ी के प्रताप पब्लिक स्कूल की गीतिका ने ब्लॉक स्तरीय विज्ञान प्रस्तुति में हासिल किया प्रथम स्थान

तरावड़ी, 22 अगस्त (कमल शर्मा): ब्लॉक स्तरीय विज्ञान परियोजना प्रस्तुति में प्रताप पब्लिक स्कूल तरावड़ी की छात्रा गीतिका ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। गीतिका ने इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करके विद्यालय का नाम रोशन किया है। इस प्रतियोगिता में ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने भाग लिया था।
भारत का ऊर्जा मिश्रण विषय पर दी प्रस्तुति
गीतिका ने भारत का ऊर्जा मिश्रण संभावनाएँ एवं चुनौतियाँ विषय पर अपनी परियोजना प्रस्तुत की। अपनी प्रस्तुति के माध्यम से उन्होंने वर्ष 2047 तक भारत के सतत, सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर ऊर्जा भविष्य की संभावनाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इस परियोजना में नवीकरणीय ऊर्जा, परमाणु ऊर्जा, हरित हाइड्रोजन तथा ऊर्जा आत्मनिर्भरता जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से शामिल किया गया था।
निर्णायकों को किया प्रभावित और मिला सम्मान
गीतिका की वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता, आत्मविश्वास, शोध कौशल एवं विषय की गहन समझ ने निर्णायकों को बहुत प्रभावित किया। इसी के आधार पर उन्हें प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। विद्यालय की डायरेक्टर पिथी चौधरी ने गीतिका को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी उपलब्धियाँ विद्यार्थियों की प्रतिभा को नई दिशा देती हैं। यह उन्हें नवाचार तथा वैज्ञानिक सोच के लिए प्रेरित करती हैं।
विद्यालय परिवार ने दी शुभकामनाएं
प्रधानाचार्य विकास उत्तरेजा ने गीतिका, उसके अभिभावकों एवं मार्गदर्शक को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि गीतिका की यह उपलब्धि विद्यालय में सीखने, खोजने और नवाचार करने की संस्कृति को दर्शाती है। हमें पूरा विश्वास है कि वह भविष्य में भी इसी प्रकार की उत्कृष्ट उपलब्धियाँ हासिल करती रहेगी। विद्यालय परिवार ने गीतिका और उसके अभिभावकों को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक शुभकामनाएँ दी हैं तथा उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।