भावांतर भरपाई योजना का लाभ लेने के लिए किसान फसलों का पंजीकरण व भौतिक सत्यापन करवाएं:- उपायुक्त सतबीर सिंह
रोहतक, 29 नवंबर। उपायुक्त सतबीर सिंह ने किसानों का आह्वान किया है कि हरियाणा सरकार की भावांतर भरपाई योजना का लाभ लेने के लिए अपनी रबी फसलों का मेरी फसल, मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण करवाने के साथ-साथ फसल क्षेत्र का भौतिक सत्यापन भी अवश्य करवाएं। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए दोनों प्रक्रियाएं पूरी करना जरूरी है।
सतबीर सिंह ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा किसानों को उनकी बागवानी फसलों के उचित मूल्य की सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से भावांतर भरपाई योजना लागू की गई है। इसके तहत बिजाई के समय के अनुसार आलू, फूलगोभी, गाजर, मटर और किन्नू सहित विभिन्न रबी फसलों का पंजीकरण मेरी फसल, मेरा ब्यौरा पोर्टल पर किया जा रहा है।
योजना का लाभ लेने के इच्छुक किसानों को पोर्टल पर फसल का पंजीकरण करवाने के बाद संबंधित फसल के क्षेत्र का भौतिक सत्यापन करवाना अनिवार्य है। इसके लिए किसानों को निर्धारित प्रोफार्मा भरकर बागवानी विभाग के ब्लॉक अथवा जिला कार्यालय में जमा करवाना होगा। भौतिक सत्यापन के लिए आवेदन का प्रारूप बागवानी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट hortharyana.gov.in पर उपलब्ध है। इसके अलावा किसान यह प्रोफार्मा विभाग के ब्लॉक एवं जिला कार्यालयों से भी प्राप्त कर सकते हैं।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने किसानों से कहा है कि वे योजना से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताएं निर्धारित समय पर पूरी करें, ताकि उन्हें भावांतर भरपाई योजना का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि वे किसानों को योजना की प्रक्रिया के बारे में जागरूक करें तथा उन्हें पंजीकरण एवं भौतिक सत्यापन संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाएं। योजना के संबंध में अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए किसान अपने जिले के जिला उद्यान अधिकारी, उद्यान विकास अधिकारी, जिला विपणन प्रवर्तन अधिकारी अथवा मार्केटिंग बोर्ड के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

