गुरुग्राम में कंपनी के खातों से 1.70 करोड़ रुपये का गबन करने वाला अकाउंटेंट गिरफ्तार

कंपनी के बैंक खातों से 1.70 करोड़ रुपये अवैध रूप से ट्रांसफर
गबन करने के मामले में आरोपी कर्मचारी गिरफ्तार किया गया
कंपनी में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत आरोपी कर्मचारी का कारनामा
1.70 करोड़, अपने भाई , मां तथा अन्य व्यक्तियों के बैंक खातों में ट्रांसफर
आरोपी की पहचान अमित कुमार गांव उनहानी जिला महेंद्रगढ़ के रूप में हुई
आरोपी को न्यायालय में पेश कर 02 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया
गुरुग्राम/फतह सिंह उजाला /26 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
गुरुग्राम पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा-I ने कंपनी के बैंक खातों से 1.70 करोड़ रुपये अवैध रूप से ट्रांसफर कर गबन करने के मामले में एक आरोपी कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुरुग्राम में 26 अगस्त 2026 को सामने आई है। आरोपी की पहचान अमित कुमार के रूप में हुई है, जो गांव उनहानी जिला महेंद्रगढ़ का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करके 02 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
क्या है पूरा मामला और कैसे हुआ गबन
M/s Span Seating Systems Pvt. Ltd. के पदाधिकारी ने गुरुग्राम पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि अमित कुमार नामक व्यक्ति कंपनी में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत था। आरोपी को कंपनी के बैंक खातों से जुड़े मोबाइल नंबर की जानकारी और एक्सेस प्राप्त था। अमित कुमार ने अपने पद का दुरुपयोग किया। उसने दिनांक 10 अगस्त 2021 से 25 जून 2025 के बीच कंपनी व इसकी पत्नी के चार बैंक खातों से करीब 1.70 करोड़ रुपये की राशि निकाली। यह राशि उसने अपने, अपने भाई, मां तथा अन्य व्यक्तियों के बैंक खातों में अवैध रूप से ट्रांसफर कर दी थी।
आरोपी का फर्जीवाड़ा और पुलिस कार्रवाई
मामला सामने आने पर आरोपी अमित कुमार द्वारा राशि वापस करने का आश्वासन दिया गया था। उसने कुछ राशि वापस करने के साथ चेक व शपथपत्र भी दिए थे, लेकिन पूरी राशि वापस नहीं की गई। इस प्रकार अमित ने एक षड्यंत्र के तहत कंपनी की राशि का गबन किया। उपरोक्त मामले में आर्थिक अपराध शाखा-1, गुरुग्राम द्वारा जांच की गई। इसके बाद थाना सदर, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया। आर्थिक अपराध शाखा-1, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए उपरोक्त अभियोग में आरोपी अमित कुमार (27 वर्ष) को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस पूछताछ और आगे की जांच जारी
पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी अमित कुमार वर्ष 2021 से इस कंपनी में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत था। कंपनी के बैंक खातों का संचालन उसके जिम्मे होने के कारण उसने लालच में यह कदम उठाया। उसने धोखाधड़ी कर अपने, अपनी मां, भाई तथा कुछ परिचितों के खातों में करीब 1.70 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए थे। पुलिस टीम द्वारा मामले में बैंक खातों से हुए लेन-देन, संबंधित दस्तावेजों तथा अन्य व्यक्तियों की भूमिका की गहराई से जांच की जा रही है। अभियोग में संलिप्त अन्य आरोपियों के विरुद्ध भी नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में अभियोग का अनुसंधान अभी जारी है।