गुरुग्राम में महिला को अश्लील वीडियो दिखाना पड़ा भारी, पुलिस ने आरोपी चालक को किया गिरफ्तार

गुरुग्राम में महिला को अश्लील वीडियो दिखाना एक आरोपी को भारी पड़ गया है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरी घटना गुरुग्राम की है जहां एक टूरिस्ट कंपनी में काम करने वाली महिला को परेशान किया गया।
घटना की पूरी जानकारी और शिकायत
गुरुग्राम के थाना डीएलएफ सैक्टर-29 में गुरुवार को एक महिला ने शिकायत दी। महिला ने बताया कि वह एक टूरिस्ट कंपनी में वाहन चालक के रूप में काम करती है। यह घटना एक दिन पहले 12 अगस्त की है जब वह अपनी गाड़ी चार्जिंग पर लगाए हुए थी। उसी दौरान साथ में एक अन्य वाहन चालक ने भी अपनी गाड़ी चार्जिंग पर लगा रखी थी। वह आरोपी चालक अपनी गाड़ी की चालक सीट पर बैठकर मोबाइल फोन पर अश्लील वीडियो चला रहा था। आरोपी उस अश्लील वीडियो की स्क्रीन महिला की ओर कर रहा था।
गाली-गलौज और पुलिस कार्रवाई
जब महिला उस उक्त चालक के पास गई, तो चालक ने उसके साथ गाली-गलौज की। इस पूरे मामले में सोशल मीडिया पर भी महिला द्वारा बनाई गई वीडियो वायरल हो गई है। शिकायत के आधार पर थाना डीएलएफ सैक्टर-29, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया। थाना डीएलएफ सैक्टर-29, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही की। पुलिस टीम ने उपरोक्त अभियोग में आरोपी को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान अर्जुन कमावत के रूप में हुई है। आरोपी अर्जुन कमावत गांव परसा, जिला मधुबनी, बिहार का रहने वाला है। वह फिलहाल नाथूपुर डीएलएफ फेज-3, गुरुग्राम में रह रहा था। पुलिस के अनुसार इस अभियोग में नियमानुसार आगामी कार्यवाही की जाएगी।