गुरुग्राम में जलभराव पर तंज कसने के लिए सडक़ पर उतारी थी नाव, पुलिस ने काटा 50 हजार का चालान

Team Atal Hind11 August 20262 min read8 viewsगुरुग्राम
गुरुग्राम में जलभराव पर तंज कसने के लिए सडक़ पर उतारी थी नाव, पुलिस ने काटा 50 हजार का चालान

गुरुग्राम शहर में बरसाती पानी में कार्स 24 कंपनी को जलभराव पर तंज कसने के लिए नाव चलाना बहुत महंगा पड़ गया है। पुलिस ने इस मामले में 50 हजार रुपये का भारी चालान काट दिया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि यातायात पुलिस की ओर से उस नाव को भी जब्त कर लिया गया है।

ऑनलाइन कार कंपनी ने उतारी थी ब्रांडेड नाव

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

ऑनलाइन कार खरीदने और बेचने का काम करने वाली कंपनी कार्स 24 की तरफ से शहर की सडक़ों पर पानी भरने के दौरान अपनी ब्रांडेड नीली नाव उतारी गई थी। ऐसा करने के पीछे की मंशा जाहिर करते हुए कंपनी की ब्रांड और कम्युनिकेशंस हेड प्राची शर्मा ने लिंक्डइन पर पोस्ट शेयर की थी। प्राची ने बताया कि शनिवार को कंपनी ने गुरुग्राम की सडक़ों पर जलभराव और प्रशासन की कथित विफलता पर मजाक उड़ाने के लिए कार्स 24 ब्रांड वाली नाव पानी में उतारी थी।

पुलिस ने तुरंत की कार्रवाई और काटा चालान

नाव की तस्वीर शेयर करते हुए प्राची ने लिखा था कि जलभराव के लिए जिम्मेदार व्यक्ति का भी चालान काटा जाना चाहिए। प्राची के अनुसार पानी में नाव उतारने के कुछ ही मिनटों के भीतर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने नाव को अपने कब्जे में ले लिया और उसका 50 हजार रुपये का चालान काट दिया। प्राची शर्मा ने अपनी पोस्ट में लिखा कि पिछले हफ्ते गुरुग्राम में कानून तोडऩे की उन्हें यही कीमत चुकानी पड़ी है। उन्होंने यह भी कहा कि बारिश में मजाक के तौर पर नाव उतारी थी और चालान कुछ ही सेकंड में आ गया।

लोगों के लिए पानी पार करने का जरिया बनी नाव

प्राची ने आगे कहा कि बाढ़ तो सालों से आ रही है लेकिन इसकी कीमत कभी किसी को नहीं चुकानी पड़ी है। उन्होंने यह भी बताया कि बाद में हालात इतने खराब हो गए कि लोग अपने घर पहुंचने के लिए उसी नाव में बैठने लगे थे। क्योंकि पानी पार करने का यही सबसे तेज तरीका बन गया था। इस मामले में एसीपी यातायात सत्यपाल ने कहा कि उनके संज्ञान में यह मामला नहीं आया है।

Share:

Comments

Leave a comment