गुरुग्राम में सीएम सैनी की सुरक्षा में व्यवधान डालने वाले 08 आरोपी गिरफ्तार

सीएम सैनी की सुरक्षा व्यवस्था में व्यवधान डालने के आठ आरोपी गिरफ्तार
बाधा डालने, सरकारी ड्यूटी में अवरोध उत्पन्न करने एवं काफिला रोकने का प्रयास
राजनीतिक लोगों ने निर्देशों की अवहेलना करते प्रदर्शन की मर्यादा का उल्लंघन किया
मुख्यमंत्री के काफिले के सामने अचानक आकर काफिले को रोकने का प्रयास किया
गुरुग्राम पुलिस टीम द्वारा तत्काल कानूनी कार्यवाही अमल में लाई गई
फतह सिंह उजाला/गुरुग्राम, 21 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
मुख्यमंत्री, हरियाणा के गुरुग्राम आगमन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में व्यवधान डालने एवं सरकारी ड्यूटी में बाधा उत्पन्न करने के मामले में गुरुग्राम पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए 08 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री, हरियाणा के गुरुग्राम आगमन को मद्देनजर रखते हुए गुरुग्राम पुलिस द्वारा वीआईपी सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था के दृष्टिगत व्यापक एवं समुचित पुलिस प्रबंध किए गए थे। मुख्यमंत्री के निर्धारित कार्यक्रम के दौरान मार्ग पर राजनीतिक दल के कुछ लोगों द्वारा निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था एवं पुलिस के निर्देशों की अवहेलना करते हुए प्रदर्शन की मर्यादा का उल्लंघन किया गया। प्रदर्शनकारियों द्वारा मुख्यमंत्री के काफिले के सामने अचानक आकर काफिले को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान जब पुलिसकर्मियों द्वारा उन्हें रोकने समझाने का प्रयास किया तो पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए सरकारी ड्यूटी में बाधा उत्पन्न की, जिसके परिणामस्वरूप मौके पर कानून-व्यवस्था एवं वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति उत्पन्न हुई।
पुलिस द्वारा मौके की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल हस्तक्षेप किया गया तथा प्रदर्शनकारियों को निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था एवं पुलिस द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पालन करने के लिए समझाया गया। इसके बावजूद कुछ व्यक्तियों द्वारा अपने आचरण से सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर व्यवधान उत्पन्न करने एवं सरकारी कार्य में अवरोध डालने का प्रयास किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस थाना सिविल लाईन्स, गुरुग्राम की पुलिस टीम द्वारा तत्काल कानूनी कार्यवाही अमल में लाई गई। उपरोक्त घटनाक्रम के संबंध में पुलिस थाना सिविल लाईन्स, गुरुग्राम में धारा BNS की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया तथा पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए उक्त घटनाक्रम में संलिप्त 08 आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निम्न प्रकार से हुई- नीरज यादव पुत्र वीरेंद्र, निवासी मानेसर, शिव पुत्र धर्मपाल, निवासी घटोला, निखिल पुत्र प्रवीण, निवासी भिवानी, अनुज पुत्र देवेंद्र, निवासी कन्हई,
हरकेश पुत्र बनवारी लाल, निवासी फिरोज गांधी कॉलोनी, अमन पुत्र रामभगत, निवासी पटौदी चौक, मनोहर नगर, राजीव यादव पुत्र रामकिशन, निवासी कृष्णा नगर,हरेन्द्र निवासी तावडू जिला मेवात के रूप में की गई।
गुरुग्राम पुलिस प्रत्येक नागरिक के लोकतांत्रिक अधिकार एवं शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार का सम्मान करती है। लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है, लेकिन किसी भी व्यक्ति अथवा समूह को प्रदर्शन की आड़ में कानून-व्यवस्था भंग करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस ड्यूटी में अवरोध उत्पन्न करने, सार्वजनिक मार्ग एवं यातायात व्यवस्था को बाधित करने अथवा वीआइपी सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावित करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। गुरुग्राम पुलिस आमजन, सामाजिक संगठनों एवं सभी प्रदर्शनकारियों से अपील करती है कि वे अपने विरोध अथवा प्रदर्शन को निर्धारित कानूनी प्रक्रिया एवं शांतिपूर्ण तरीके से करें तथा पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था संबंधी निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन करें।
पुलिस के लिए वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था अत्यंत संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण दायित्व है, इसमें किसी भी प्रकार का अनधिकृत हस्तक्षेप न केवल कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती उत्पन्न करता है, बल्कि मौके पर मौजूद आम नागरिकों एवं स्वयं प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा को भी प्रभावित कर सकता है। अतः सभी से अपेक्षा है कि सुरक्षा व्यवस्था की गंभीरता को समझते हुए पुलिस का सहयोग करें। गुरुग्राम पुलिस स्पष्ट करती है कि कानून-व्यवस्था, सरकारी ड्यूटी अथवा सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी कृत्य को गंभीरता से लिया जाएगा। ऐसे मामलों में तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
गुरुग्राम पुलिस का प्राथमिक उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना, आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना, वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखना तथा प्रत्येक नागरिक के लोकतांत्रिक अधिकारों और सार्वजनिक व्यवस्था के बीच संतुलन कायम रखना है। अतः गुरुग्राम पुलिस आमजन से अपील करती है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी प्रकार की अफवाह, उकसावे अथवा भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें।