हरियाणा सीएम की सुरक्षा में चूक पर गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर की बड़ी कार्रवाई, एसएचओ और सिक्योरिटी इंचार्ज सस्पेंड

गुरुग्राम में हरियाणा के चीफ मिनिस्टर के आगमन के दौरान वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था में व्यवधान उत्पन्न हुआ था। इस मामले को पुलिस आयुक्त गुरुग्राम ने बेहद गंभीरता से लिया है। पुलिस आयुक्त ने इस घटना पर कड़ा संज्ञान लेते हुए कड़ी कार्रवाई की है।
दो पुलिस उपायुक्त को जारी हुआ कारण बताओ नोटिस
घटना के लिए जिम्मेदारी तय करते हुए पुलिस उपायुक्त पश्चिम और पुलिस उपायुक्त अपराध को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। इसके साथ ही थाना प्रबंधक सिविल लाईन्स, उनके साथ ड्यूटी पर तैनात कई पुलिसकर्मियों और एस आई एस पश्चिम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
इंटेलिजेंस इंचार्ज के विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश
सुरक्षा में लापरवाही बरतने के मामले में इंटेलिजेंस इंचार्ज के विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट रूप से यह बात कही है कि वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर होने वाली लापरवाही, तालमेल की कमी या ड्यूटी में ढिलाई को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कठोर विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश
सुरक्षा व्यवस्था में बाधा आने की स्थिति में उत्तरदायित्व तय करके नियमानुसार कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। गुरुग्राम पुलिस की मुख्य प्राथमिकता वीआईपी सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा को पूरी तरह से सुनिश्चित करना है।