गुरुग्राम में सीएम की सुरक्षा में चूक पर बड़ा एक्शन: दो डीसीपी को नोटिस और थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी निलंबित

गुरुग्राम में सीएम की सुरक्षा में चूक पर बड़ा एक्शन: दो डीसीपी को नोटिस और थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी निलंबित

एक एसएचओ, ऑन ड्यूटी और संबंधित जोन के सिक्योरिटी इंचार्ज सस्पेंड

सीएम सैनी की सुरक्षा में व्यवधान को 

पुलिस कमिश्नर ने गंभीरता से लिया

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

दो पुलिस उपायुक्त को जारी किया गया कारण बताओ नोटिस

पुलिस आयुक्त गुरुग्राम ने संज्ञान लेते हुए की कड़ी कार्यवाही

फतह सिंह उजाला /गुरुग्राम /22 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के गुरुग्राम दौरे के दौरान वीआईपी सुरक्षा में हुई बड़ी चूक के मामले में पुलिस कमिश्नर ने सख्त कार्रवाई की है। इस घटना में लापरवाही बरतने पर दो पुलिस उपायुक्त यानी डीसीपी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। मौके पर तैनात सिविल लाइंस थाना प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मियों और संबंधित जोन के सिक्योरिटी इंचार्ज को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री के दौरे पर हुई थी सुरक्षा में चूक

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के काफिले में शुक्रवार को वीआईपी सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया था। गुरुग्राम पुलिस आयुक्त ने इस मामले का बहुत गंभीरता से संज्ञान लिया है। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर नियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शनिवार को इस पूरी कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी दी है।

किन अधिकारियों पर गिरी गाज और क्या हुई कार्रवाई

वीआईपी सुरक्षा में हुई इस गंभीर चूक के लिए जिम्मेदारी तय कर दी गई है। पुलिस उपायुक्त पश्चिम और पुलिस उपायुक्त अपराध को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसके अलावा थाना प्रबंधक सिविल लाइंस और उनके साथ ड्यूटी पर तैनात कई पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। सिक्योरिटी इंचार्ज पश्चिम को भी सस्पेंड कर दिया गया है। इंटेलिजेंस इंचार्ज के विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।

पुलिस आयुक्त की दो टूक और पूरी घटना

पुलिस आयुक्त ने यह स्पष्ट किया है कि वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समन्वय की कमी अथवा ड्यूटी में शिथिलता को बहुत गंभीरता से लिया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था में बाधा उत्पन्न होने पर उत्तरदायित्व निर्धारित किया जाएगा और नियमानुसार कठोर विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। आपको बता दें कि शुक्रवार को मुख्यमंत्री के गुरुग्राम दौरे के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काफिले को काले झंडे दिखाए थे। कार्यकर्ताओं ने काफिले को रोकने का प्रयास भी किया था। इस घटना के बाद पुलिस ने आठ कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था। इसी पूरे मामले में सुरक्षा में चूक मानते हुए यह बड़ी कार्रवाई की गई है।

Share:

Comments

Leave a comment