गुरुग्राम में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, संजय दत्त ने भाजपा सरकार पर बोला तीखा हमला

गुरुग्राम में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, संजय दत्त ने भाजपा सरकार पर बोला तीखा हमला

गुरुग्राम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बादशाहपुर द्वारा रविवार को वाटिका चौक स्थित औरम कन्वेंशन सेंटर में विशाल ब्लॉक कांग्रेस सम्मेलन आयोजित किया गया। इस विशाल सम्मेलन में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने शिरकत की और जमकर गरजे। जिला कांग्रेस कमेटी गुरुग्राम (ग्रामीण) के अध्यक्ष वर्धन यादव ने बताया कि वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। नेताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। साथ ही जनहित के मुद्दों पर अपने संघर्ष को तेज करने की बात कही।

सम्मेलन में पहुंचे शीर्ष नेताओं का बादशाहपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अशोक उल्लावास, जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने सभी नेताओं को फूल-मालाएं पहनाईं। अपने संबोधन के दौरान हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने भाजपा सरकार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा कभी विकास, कृषि, खेल और वीरता के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में गिना जाता था। लेकिन वर्तमान में भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान प्रदेश बेरोजगारी, महंगाई और आर्थिक असमानता जैसी गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा है।

संजय दत्त ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से जुड़ी घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई। इसके अलावा संजय दत्त ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज किए गए मामले को तुरंत वापस लेने की पुरजोर मांग की।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

बदहाल कानून-व्यवस्था ने खोली सरकार के दावों की पोल

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने इस अवसर पर वर्तमान सरकार के कुशासन को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि इस कुशासन के कारण ही हरियाणा विकास के कई मानकों पर पीछे छूट गया है। प्रदेश का युवा रोजगार की तलाश में यहां-वहां भटक रहा है। राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर आम जनता के मन में चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने हरियाणा कौशल रोजगार निगम की व्यवस्था की तीखी आलोचना की। साथ ही संविदा कर्मचारियों को नियमित करने की मांग की। उन्होंने समान काम के लिए समान वेतन देने और भविष्य में होने वाली नियमित भर्तियों को प्राथमिकता देने की जोरदार मांग उठाई।

कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य एवं सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने विशेष रूप से गुरुग्राम और बादशाहपुर क्षेत्र की समस्याओं को उठाया। उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश और दुनिया में मिलेनियम सिटी तथा कॉरपोरेट हब के रूप में अपनी खास पहचान रखने वाला गुरुग्राम आज बदहाल है। आज यह शहर जलभराव, भयंकर ट्रैफिक जाम, टूटी सड़कों और बदहाल ड्रेनेज व्यवस्था जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है।

गुरुग्राम के हिस्से में बदहाली क्यों

जिला कांग्रेस कमेटी गुरुग्राम (ग्रामीण) के अध्यक्ष वर्धन यादव ने स्थानीय मुद्दों को बेहद प्रमुखता के साथ उठाया। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम की जनता सरकार को भारी-भरकम राजस्व देती है। लेकिन इसके अनुपात में शहर की जनता को बुनियादी सुविधाएं तक नहीं मिल पा रही हैं।

इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे। इनमें कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र भारद्वाज, युवा कांग्रेस अध्यक्ष निशित कटारिया, शहरी अध्यक्ष पंकज डावर, मेयर प्रत्याशी सीमा पाहुजा, नीरज यादव, सुनीता सहरावत, महिला जिला अध्यक्ष पूजा शर्मा, पीसीसी सदस्य पंकज भारद्वाज, कुलदीप गुर्जर और पार्षद सतपाल दौलताबाद शामिल रहे। इसके अलावा जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तमाम पदाधिकारी तथा सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता इस सम्मेलन में उपस्थित रहे।

Share:

Comments

Leave a comment