गुरुग्राम में गणेश चतुर्थी पर सजेगी आध्यात्मिक ज्ञान की महफिल, 14 से 20 सितंबर तक 'तनाव से शक्ति की ओर' विशेष श्रृंखला

गुरुग्राम में गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर आत्मिक शक्तियों को जागृत करने और जीवन के विघ्नों को समाप्त करने के उद्देश्य से एक विशेष आयोजन किया जा रहा है। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा गुरुग्राम में 14 से 20 सितंबर तक 'तनाव से शक्ति की ओर' विशेष आध्यात्मिक श्रृंखला का आयोजन किया जा रहा है। इस साप्ताहिक श्रृंखला के मुख्य वक्ता अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त प्रेरक वक्ता एवं 'द वर्ल्ड रिन्यूअल' पत्रिका के संपादक राजयोगी प्रोफेसर ओंकार चंद (माउंट आबू) होंगे। इस विशाल आयोजन का संयोजन अनुभूति भवन (डीएलएफ फेज-2) की शाखा प्रभारी राजयोगिनी बी.के. कुसुम दीदी एवं बी.के. रत्नाकर भाई के कुशल मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
गणेश चतुर्थी से होगी शुरुआत
इस श्रृंखला का शुभारंभ 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के उपलक्ष्य में शाम 6:00 से 8:00 बजे एंजल हाउस, सुशांत लोक-2 (सेक्टर-57) में ‘विघ्न विनाशक – आंतरिक शक्तियां’ विषय से होगा। इसके बाद 15 सितंबर को डीएलएफ फेज-1 (सिल्वर ओक्स अपार्टमेंट के पास) तथा 16 सितंबर को मकान नंबर 463 (एल्पाइन स्कूल के पीछे, सेक्टर-56) में ‘खुश रहने की कला’ पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। 17 सितंबर को सुशांत लोक-1 (सी-ब्लॉक) में ‘आंतरिक शक्ति और भावनात्मक संतुलन’ पर परिचर्चा होगी।
विभिन्न स्थानों पर होंगे सत्र
18 सितंबर को सुबह 11:00 बजे द कैमेलियाज (डीएलएफ फेज-5) तथा शाम 6:00 बजे डीएलएफ फेज-1 (कम्युनिटी सेंटर के पास) में ‘व्यर्थ व अत्यधिक चिंतन पर नियंत्रण’ विषय पर सत्र होंगे। 19 सितंबर को सुबह 7:30 बजे आर्डी सिटी (सेक्टर-52) में ‘मेडिटेशन को बनाएं जीवनशैली’, दिन में 11:00 बजे सेक्टर-55 में ‘सुखद और शांत जीवन के लिए ध्यान’ तथा शाम 6:00 बजे अनुभूति भवन (डीएलएफ फेज-2) में ‘मन बदले तो जीवन बदले’ सत्र रहेगा। श्रृंखला का समापन 20 सितंबर को दोपहर 11:30 बजे डीएलएफ-5 में तथा शाम 6:00 बजे अनुभूति भवन (डीएलएफ फेज-2) में ‘परमात्मा से संबंध जोड़ें, आंतरिक शक्ति पहचानें’ विषय के साथ होगा। आयोजकों ने बताया कि सीमित स्थान होने के कारण सत्रों में अग्रिम पंजीकरण अनिवार्य है, हालांकि प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहेगा।