गुरुग्राम में स्वतंत्रता दिवस पर डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा करेंगे ध्वजारोहण, जिला प्रशासन की तैयारियां पूरी

गुरुग्राम में स्वतंत्रता दिवस पर डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा करेंगे ध्वजारोहण, जिला प्रशासन की तैयारियां पूरी

गुरुग्राम में स्वतंत्रता दिवस का पर्व शनिवार को पूरे उत्साह, उमंग और गरिमामयी वातावरण में मनाया जाएगा। जिला स्तरीय समारोह में भव्य परेड और देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगें। जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। यहाँ हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। समारोह को भव्य एवं यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।

उपमंडल स्तर पर भी होंगे स्वतंत्रता दिवस समारोह

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

जिला स्तर के साथ-साथ उपमंडल स्तर पर भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए जाएंगे। पटौदी में विधायक बिमला चौधरी राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगी। मानेसर में विधायक मुकेश शर्मा राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। सोहना में विधायक तेजपाल तंवर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। तथा बादशाहपुर में फरीदाबाद एनआईटी के विधायक सतीश फागना राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। संबंधित उपमंडल प्रशासन द्वारा भी समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि और मुख्य समारोह

उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि जिला स्तरीय समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा सबसे पहले सिविल लाइंस स्थित युद्ध स्मारक पहुंचेंगे। वे वहाँ देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देंगे। साथ ही देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को पुष्पचक्र अर्पित करेंगे। इसके उपरांत वे ताऊ देवीलाल स्टेडियम पहुंचकर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और भव्य परेड की सलामी लेंगे।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और संदेश

मुख्य समारोह में डिप्टी स्पीकर परेड में शामिल विभिन्न टुकड़ियों का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वे प्रदेशवासियों के नाम अपना संदेश देंगे। समारोह में मार्च पास्ट के साथ मास पीटी, डंबल शो और लेजियम शो की शानदार प्रस्तुतियां होंगी। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में राष्ट्रप्रेम, वीरता और देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की मनमोहक झलक देखने को मिलेगी।

Share:

Comments

Leave a comment