गुरुग्राम में हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने किया ध्वजारोहण, देश की आर्थिक प्रगति में हरियाणा की भूमिका को सराहा

गुरुग्राम में हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने किया ध्वजारोहण, देश की आर्थिक प्रगति में हरियाणा की भूमिका को सराहा

गुरुग्राम में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने इस जिला स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के पश्चात उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्र गीत के साथ की गई। जिला स्तरीय समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अनोखी छटा बिखेरी। विकसित भारत की संकल्पना के साथ आयोजित इस स्वतंत्रता दिवस समारोह में तीन हजार से अधिक स्कूली बच्चों का उत्साह देखने लायक था। उपायुक्त उत्तम सिंह तथा पुलिस कमिश्नर शिवास कविराज ने मुख्य अतिथि का जिला स्तरीय समारोह में पहुंचने पर स्वागत किया।

गुरुग्राम जिलावासियों को दी स्वतंत्रता दिवस की बधाई

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने अपने संबोधन में गुरुग्राम जिलावासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा देश की आर्थिक प्रगति को गति देने वाले प्रमुख राज्यों में अपनी भूमिका लगातार मजबूत कर रहा है। राज्य विकसित भारत के साथ विकसित हरियाणा के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार का लक्ष्य केवल आर्थिक विकास की गति को बढ़ाना नहीं है, बल्कि ऐसा समावेशी और संतुलित विकास सुनिश्चित करना है। इस विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और हरियाणा के प्रत्येक वर्ग को प्रगति के अवसर मिलने चाहिए।

विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर प्रगति कर रहा है हरियाणा

डॉ. मिड्ढा ने कहा कि हरियाणा आज उद्योग, कृषि, सेवा क्षेत्र, निवेश, बुनियादी ढांचे और रोजगार के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। राज्य की मजबूत आर्थिक स्थिति देश की समग्र अर्थव्यवस्था में हरियाणा के बढ़ते योगदान को दर्शाती है। वर्ष 2026-27 में हरियाणा का सकल राज्य घरेलू उत्पाद यानी जीएसडीपी लगभग 15.18 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। यह अनुमानित आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में करीब 11 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है। यह आर्थिक वृद्धि हरियाणा की मजबूत विकास क्षमता और राज्य में बन रहे अनुकूल कारोबारी एवं निवेश वातावरण का स्पष्ट प्रमाण है।

युवा शक्ति और विकसित भारत का संकल्प

मिड्ढा ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बताए गए विकसित भारत के चार प्रमुख स्तंभों को सशक्त बना रही है। ये चार प्रमुख स्तंभ युवा, अन्नदाता, नारी शक्ति और गरीब हैं, जिन्हें सशक्त बनाते हुए सरकार विकसित हरियाणा के संकल्प को निरंतर आगे बढ़ा रही है। प्रदेश सरकार की विकास नीति के केंद्र में समाज का प्रत्येक वर्ग शामिल है। उपाध्यक्ष मिड्ढा ने बताया कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस की थीम युवा शक्ति-विकसित भारत 2047 की यात्रा का नेतृत्व रखी गई है। यह थीम विकसित भारत के निर्माण में देश के युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करती है। हरियाणा सरकार द्वारा भी युवाओं की क्षमता, प्रतिभा और ऊर्जा का सदुपयोग किया जा रहा है। युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखते हुए शिक्षा, कौशल, रोजगार, खेल तथा स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। इन सभी प्रयासों का उद्देश्य यह है कि प्रदेश के युवा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में प्रभावी योगदान दे सकें।

Share:

Comments

Leave a comment