गुरुग्राम में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 4500 पुलिसकर्मी तैनात

गुरुग्राम में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 4500 पुलिसकर्मी तैनात

गुरुग्राम में 80वें स्वतंत्रता दिवस को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने के लिए पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। जिला प्रशासन ने वीआईपी मूवमेंट और भारी भीड़ को देखते हुए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था तैयार की है। इस सुरक्षा व्यवस्था के तहत जिले भर में करीब 4500 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। समारोह को लेकर 11 प्रमुख नाकों पर विशेष नाकाबंदी की गई है और समारोह स्थलों पर क्यूआरटी तथा एंटी-सैबोटाज चेकिंग की व्यवस्था की गई है।

गुरुग्राम में मुख्य समारोह स्थल और वीआईपी सुरक्षा

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

गुरुग्राम में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य कार्यक्रम कुल पांच स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। पुलिस ने सभी वीआईपी रूट की एंटी-सैबोटाज चेकिंग पूरी करवा ली है। सड़क किनारे निगरानी रखने के लिए विशेष बल लगाया गया है। इसके अलावा रूफ-टॉप ड्यूटी, आउटर कॉर्डन और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वीआईपी के आने-जाने के दौरान कट, रेड लाइट, टी-प्वाइंट, फ्लाईओवर और अंडरपास पर विशेष यातायात व्यवस्था रहेगी। ताऊ देवी लाल स्टेडियम सेक्टर-38 सहित सभी मुख्य स्थलों पर वीआईपी और आम जनता के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। इन सभी प्रवेश द्वारों पर लोगों की गहन जांच की जाएगी। महिलाओं की चेकिंग के लिए विशेष रूप से महिला पुलिसकर्मी और फ्रिस्किंग कैबिन लगाए गए हैं। मंच, परेड ग्राउंड, पार्किंग और आसपास की ऊंची इमारतों की छतों पर भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। वीआईपी स्टेज और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर क्विक रिस्पांस टीम यानी क्यूआरटी भी हर समय मौजूद रहेगी।

11 प्रमुख नाके और विशेष चेकिंग अभियान

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर गुरुग्राम जिले में 11 प्रमुख नाका पॉइंट चिन्हित किए गए हैं। इन सभी नाकों पर गुरुवार शाम चार बजे से लेकर समारोह के समाप्त होने तक पुलिस बल तैनात रहेगा। इन नाकों पर तैनात पुलिसकर्मी रिफ्लेक्टर जैकेट, टॉर्च और वायरलेस सेट के साथ संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों पर पूरी नजर रखेंगे। सुरक्षा की जरूरत पड़ने पर जिले में अतिरिक्त नाके भी लगाए जाएंगे। पुलिस की ओर से होटल, सराय, धर्मशाला, रेस्टोरेंट, मॉल और क्लबों की विशेष चेकिंग की जाएगी। सभी समारोह स्थलों और वीआईपी रूट पर एंटी-सैबोटाज जांच लगातार जारी रहेगी। किसी भी संदिग्ध बैग या सामान को समारोह स्थल के अंदर लेकर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

आपातकालीन सेवाएं और वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती

किसी भी आकस्मिक स्थिति से तुरंत निपटने के लिए सभी प्रमुख स्थलों पर पांच फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और पांच एंबुलेंस तैनात रहेंगी। सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए वायरलेस संचार की सुविधा को भी पूरी तरह सुनिश्चित किया गया है। इस पूरी सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालने के लिए हर एक स्थल पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Share:

Comments

Leave a comment