गुरुग्राम: मारुति कुंज में श्मशान भूमि की मांग को लेकर सीएम सैनी से मिले अमित भारद्वाज

सीएम नायब सैनी से मारुति कुंज की शमशान भूमि उपलब्ध करने की मांग
मृत्यु होने पर अंतिम संस्कार के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाना पड़ रहा
आज तक यहां सार्वजनिक श्मशान भूमि की पर्याप्त व्यवस्था नहीं हो पाई
भाजपा किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष अमित भारद्वाज की सीएम सैनी से मुलाकात
मुख्यमंत्री सैनी से समस्या के समाधान के लिए मिला सकारात्मक आश्वासन
फतह सिंह उजाला/गुरुग्राम, /05 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
। गुरुग्राम के मारुति कुंज एवं आसपास की करीब 36 कॉलोनियों में रहने वाली 60 से 70 हजार से अधिक आबादी से जुड़ी वर्षों पुरानी महत्वपूर्ण समस्या को लेकर भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष अमित भारद्वाज ने चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के लिए सार्वजनिक श्मशान भूमि उपलब्ध करवाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को आवेदन सौंपा।
अमित भारद्वाज ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि मारुति कुंज क्षेत्र एवं इसके आसपास बड़ी संख्या में कॉलोनियां विकसित हो चुकी हैं और इनमें हजारों परिवार निवास करते हैं। क्षेत्र की आबादी लगातार बढ़ रही है, लेकिन आज तक यहां सार्वजनिक श्मशान भूमि की पर्याप्त व्यवस्था नहीं हो पाई है। इसके चलते किसी परिवार में मृत्यु होने पर परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार के लिए अपने परिजन को खोने का समय बेहद दुखद और संवेदनशील होता है। ऐसे समय में अंतिम संस्कार के लिए दूर जाना परिवार के सदस्यों के लिए अतिरिक्त परेशानी और मानसिक पीड़ा का कारण बनता है। इसलिए मारुति कुंज एवं आसपास की कॉलोनियों के लिए सार्वजनिक श्मशान भूमि उपलब्ध करवाना बेहद जरूरी है।
अमित भारद्वाज ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि क्षेत्र की बड़ी आबादी की आवश्यकता को देखते हुए सरकारी स्तर पर उचित भूमि उपलब्ध करवाकर सार्वजनिक श्मशान भूमि की व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को लंबे समय से चली आ रही इस समस्या से राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मामले को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इस विषय में आवश्यक संज्ञान लेने के निर्देश दिए तथा समस्या के शीघ्र समाधान की दिशा में सकारात्मक आश्वासन दिया।
अमित भारद्वाज ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि मुख्यमंत्री के संवेदनशील नेतृत्व में मारुति कुंज और आसपास की करीब 36 कॉलोनियों में रहने वाले हजारों परिवारों की वर्षों पुरानी समस्या का जल्द समाधान होगा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक श्मशान भूमि उपलब्ध होने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और अंतिम संस्कार जैसी मूलभूत आवश्यकता के लिए लोगों को दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जनसेवा ही संकल्प है और जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता है। क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को सरकार के समक्ष उठाकर उनका समाधान करवाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।