गुरुग्राम में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन, 15 करोड़ से अधिक का हुआ सेटलमेंट

राष्ट्रीय लोक अदालत में 15 करोड़ 68 लाख से अधिक का हुआ सेटलमेंट
शनिवार को 1 बेंचों के माध्यम से लोगों को मिला त्वरित और सुलभ न्याय
राष्ट्रीय लोक अदालत में 93 हजार से अधिक मामलों का निपटारा किया गया
जिला न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया
फतह सिंह उजाला/गुरुग्राम/ 12 सितम्बर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
गुरुग्राम में जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण द्वारा जिला न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। यह आयोजन माननीय न्यायाधीश, पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय तथा अध्यक्ष, हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों को त्वरित और सुलभ न्याय दिलाना था। यह कार्यक्रम जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, डीएलएसए गुरुग्राम नरेंद्र सूरा के निर्देशन में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।
राष्ट्रीय लोक अदालत में गठित की गईं बेंचें
राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के मामलों के निपटारे हेतु कुल 21 बेंचों का गठन किया गया था। इसके अलावा उपमंडल सोहना और पटौदी में भी एक-एक विशेष लोक अदालत बेंच स्थापित की गई। इन बेंचों के माध्यम से शनिवार को लोगों को त्वरित और सुलभ न्याय मिला। राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 93 हजार से अधिक मामलों का निपटारा किया गया।
लंबित और प्री-लिटिगेशन मामलों का निपटारा
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-सह-सचिव, डीएलएसए गुरुग्राम निशा ने इस बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में सोहना एवं पटौदी सहित विभिन्न न्यायालयों में लंबित तथा प्री-लिटिगेशन श्रेणी के करीब 1 लाख 47 हजार 144 मामलों को रखा गया था। इनमें से 93 हजार 639 मामलों का आपसी सहमति और समझौते के आधार पर सफलतापूर्वक निपटारा किया गया। इन सभी मामलों में कुल 15 करोड़ 68 लाख 42 हजार 235 रुपये की राशि का सेटलमेंट हुआ।
ट्रैफिक चालानों के लिए विशेष सहायता और भविष्य की योजनाएं
इसके अतिरिक्त ट्रैफिक चालानों के त्वरित निपटारे एवं आमजन की सुविधा हेतु विशेष प्रबंध किए गए थे। डीएलएसए, गुरुग्राम द्वारा टावर ऑफ़ जस्टिस में ग्राउंड फ्लोर एंट्रेंस पर और विकास सदन में विशेष ट्रैफिक हेल्प डेस्क स्थापित की गई थी। इस व्यवस्था के माध्यम से लोगों को अपने चालानों की जानकारी प्राप्त करने एवं उनका शीघ्र निस्तारण कराने में अत्यधिक सुविधा मिली। राष्ट्रीय लोक अदालत में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने मामलों का सौहार्दपूर्ण समाधान कराया तथा लोक अदालत की व्यवस्था पर अपना पूरा विश्वास व्यक्त किया। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, गुरुग्राम द्वारा भविष्य में भी आमजन को सुलभ, त्वरित एवं किफायती न्याय उपलब्ध करवाने हेतु इस प्रकार के प्रयास निरंतर जारी रखे जाएंगे।