गुरुग्राम: हरियाणा समेत 13 राज्यों में कीटनाशकों से मुक्ति के लिए डिजिटल जागरुकता अभियान शुरू

गुरुग्राम में हरियाणा समेत देश के 13 राज्यों में कीटनाशकों से मुक्ति पाने के लिए एक विशेष अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान आजादी के 80वें वर्ष में प्रवेश करते हुए नकली और अवैध कीटनाशकों से मुक्ति और आजादी पाने के लिए क्रॉपलाइफ इंडिया द्वारा शुरू किया गया एक डिजिटल जागरुकता अभियान है। इस अभियान का शुभारंभ केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने किया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य 25 लाख से अधिक किसानों तक पहुंचना है। यह अभियान किसानों को सही जानकारी देकर असली व गुणवत्तापूर्ण कीटनाशक चुनने के लिए सशक्त बनाएगा।
अभियान का मुख्य विषय और कार्यक्षेत्र
इस डिजिटल जागरुकता अभियान का मूल विषय जागरूक किसान बनें, असली कीटनाशक चुनें रखा गया है। यह पहल हरियाणा के अलावा बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, राजस्थान, महाराष्ट्र और गुजरात राज्यों में लागू की जाएगी। इस अभियान के तहत व्यापक डिजिटल जागरुकता के माध्यम से 25 लाख से अधिक किसानों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। किसानों को हिंदी, तेलुगु, मराठी, तमिल और पंजाबी इन पांच भाषाओं में संदेश दिए जाएंगे। इन संदेशों में नकली कीटनाशकों की पहचान करने, असली उत्पाद चुनने का तरीका तथा सुरक्षित व जिम्मेदार उपयोग करने की महत्वपूर्ण जानकारियां शामिल होंगी।
मंत्री और अधिकारियों के संबोधन की मुख्य बातें
अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर ने भारतीय कृषि को मजबूत करने में किसान जागरुकता और असली कृषि इनपुट की उपलब्धता के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसान ही भारत की कृषि प्रगति का केंद्र हैं और उन्हें असली कृषि इनपुट की पहचान करना सिखाना उनकी फसलों की सुरक्षा, उत्पादकता बढ़ाने और आजीविका सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि नकली कीटनाशकों के खिलाफ लड़ाई में किसानों, निर्माताओं, डीलरों, वैज्ञानिकों, सरकारी एजेंसियों और सभी हितधारकों का सामूहिक प्रयास बेहद जरूरी है। इस अवसर पर क्रॉपलाइफ इंडिया के महासचिव दुर्गम चंद्र ने कहा कि भारत के स्वतंत्रता के 80वें वर्ष में किसानों को ज्ञान से सशक्त बनाना मजबूत और समृद्ध भारत के निर्माण की नींव है। उन्होंने दोहराया कि नकली कीटनाशकों के खिलाफ लड़ाई केवल सामूहिक प्रयास से ही संभव हो सकती है।