गुरुग्राम में पीजी और गेस्ट हाउस में क्षमता से अधिक लोगों को रखने पर मिले नोटिस

गुरुग्राम में पीजी और गेस्ट हाउस में क्षमता से अधिक लोगों को रखने पर मिले नोटिस

गुरुग्राम के 350 पीजी और गेस्ट हाउस को प्रशासन की ओर से नोटिस भेजे गए हैं। छोटे प्लॉट्स पर छह मंजिला इमारत बनाने वालों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। दिल्ली के सत्य निकेतन पीजी इमारत हादसे की आंच अब गुरुग्राम तक पहुंच गई है। गुरुग्राम में हजारों युवा और नौकरी करने वाले लोग पीजी और गेस्ट हाउस में रहते हैं। अनेक गेस्ट हाउस छोटे-छोटे प्लॉट्स पर छह मंजिला बने होने की सूचना मिली है।

बिना लाइसेंस चल रहे हैं पीजी और गेस्ट हाउस

गुरुग्राम में क्षमता से अधिक लोगों को पीजी व गेस्ट हाउस में रखा जा रहा है। सूचना मिली है कि यहां दो हजार से अधिक पीजी और गेस्ट हाउस बिना लाइसेंस के ही चलाए जा रहे हैं। इस मामले में उन सभी को नोटिस भेजे गए हैं। जिला फायर विभाग ने हाल ही में सुरक्षा ऑडिट किया है। इस दौरान जो जानकारियां और तस्वीरें सामने आईं, उन्हें देखकर विभाग के अधिकारी भी सहम गए।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

फायर सेफ्टी की मिली भारी कमी

फायर विभाग की जांच में 350 पीजी और गेस्ट हाउस में फायर सेफ्टी की भारी कमी नजर आई है। वहाँ पर ना तो फायर सिलेंडर काम करने की हालत में थे और ना ही पानी की कोई खास व्यवस्था नजर आई। फायर अधिकारी नरेंद्र कुमार के मुताबिक कई प्रमुख इलाकों में पीजी व गेस्ट हाउस का बड़ा कारोबार चल रहा है। इन इलाकों में सेक्टर-10, सेक्टर-15, सेक्टर-17, सेक्टर-46, डीएलएफ, चकरपुर, डीएलएफ यू ब्लॉक, डूंडाहेड़ा और सुखराली शामिल हैं।

नियमों के विरुद्ध चलाए जा रहे हैं संस्थान

लोगों ने कई-कई मंजिला पीजी और गेस्ट हाउस बना रखे हैं। लेबर के लिए भी लोगों ने विशेष रूप से कमरे बना रखे हैं। इन सब स्थानों पर सुरक्षा उपायों का भारी संकट देखा गया है। पैसा खर्च ना हो, इसलिए अनेक पीजी और गेस्ट हाउस नियमों के विरुद्ध चलाए जा रहे हैं। पीजी और गेस्ट हाउस में क्षमता से तीन गुना तक लोगों को रखा जा रहा है।

फायर अधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि सभी डिफॉल्टरों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिए गए हैं। सभी पीजी और गेस्ट हाउस की पहचान की जा रही है। प्राथमिक जांच में जो भी कमी सामने आई है, उन सभी को नोटिस जारी किए गए हैं।

Share:

Comments

Leave a comment