गुरुग्राम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: रोहित गोदारा व लिपिन नेहरा गिरोह के 6 गुर्गे गिरफ्तार,

गुरुग्राम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: रोहित गोदारा व लिपिन नेहरा गिरोह के 6 गुर्गे गिरफ्तार,

रोहित गोदारा व लिपिन नेहरा गिरोह के आधार दर्जन गुर्गे गिरफ्तार

रोहित गोदारा व लिपिन नेहरा गिरोह के विरुद्ध गुरुग्राम पुलिस की बड़ी कार्यवाही

पुलिस के द्वारा रंगदारी व 02 हत्या करने की वारदातों को किया निष्क्रिय

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

गुरुग्राम /24 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा सोहना ने संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क के विरुद्ध एक बहुत प्रभावी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रोहित गोदारा व लिपिन नेहरा गिरोह से जुड़े 06 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जा से भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस टीम द्वारा यह पूरी कार्यवाही 18 अगस्त 2026 को पुलिस थाना भौंडसी में धारा 111 (3), 111(4), 111(6) बीएनएस के तहत अंकित किए गए अभियोग में की गई है।

उपरोक्त अंकित अभियोग के अनुसार आपराधिक गिरोह के संपर्क में रहकर गुरुग्राम सहित हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और दिल्ली-एनसीआर में रंगदारी तथा हत्या जैसी संगीन वारदातों को अंजाम देने के लिए आपराधिक गिरोह के सक्रिय सदस्यों द्वारा बड़ी और संगीन वारदातों की तैयारी की जा रही थी। जिन्हें गिरफ्तार करके बड़ी और संगीन अपराधिक वारदातों को अंजाम देने से रोका जा सकता है। अंकित अभियोग की वारदात की संगीनता को देखते हुए अपराध शाखा सोहना, गुरुग्राम की पुलिस टीम द्वारा 06 सक्रिय आरोपियों को गिरफ्तार करके संभावित गंभीर आपराधिक वारदात को समय रहते निष्क्रिय करने में सफलता हासिल की है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है। सलीम निवासी हरियाहेड़ा, सोहना, गुरुग्राम, मोहित निवासी मान्दक, टप्पल, अलीगढ़, उत्तर प्रदेश, नरेंद्र उर्फ सोनू निवासी अलीपुर, सोहना, गुरुग्राम, ललित निवासी रानियावास, कोटकासिम, अलवर, राजस्थान, दयाराम निवासी भूड़का, बिलासपुर, गुरुग्राम, और आर्यन उर्फ रितेश निवासी जटवाड़ा, सालावास, झज्जर के रूप में इन सभी आरोपियों की पहचान की गई है।

विरोधी गैंग के सदस्यों की हत्या की थी योजना

गिरफ्तार आरोपियों से जब पुलिस ने पूछताछ की तो यह बात ज्ञात हुई कि ये सभी पुरानी रंजिश के चलते विरोधी पक्ष के 02 व्यक्तियों की हत्या करने की फिराक में थे। आरोपी अवैध हथियारों से लैस होकर वारदात की पूरी तैयारी कर रहे थे। अपराध शाखा सोहना की त्वरित कार्यवाही से इनकी यह खतरनाक योजना पूरी तरह विफल हो गई है।

गिरफ्तारी और बरामदगी का विवरण

आरोपियों की गिरफ्तारी 19 अगस्त 2026 को अलीपुर मोड़, भौंडसी क्षेत्र से की गई थी, जहां पुलिस टीम द्वारा सलीम, मोहित, नरेंद्र उर्फ सोनू व ललित को काबू किया गया था। इन आरोपियों से पूछताछ करते हुए दिनांक 19 अगस्त को ही उपरोक्त आरोपी यादराम को और उसके बाद सोमवार को आरोपी आर्यन को हरियाहेड़ा मोड़ भौंडसी से गिरफ्तार किया गया। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के कब्जा से 04 विदेशी पिस्टल (01 जिगाना, 03 PX30), 02 इंडियन पिस्टल, 01 राइफल, 33 जिंदा कारतूस, कुल 09 मेग्जीम और 01 स्कोर्पियो गाड़ी बरामद की गई है।

गिरोह की कार्यप्रणाली का खुलासा

पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया है कि इस गिरोह द्वारा विदेश में बैठे सहयोगियों एवं भारत में मौजूद सदस्यों के बीच सोशल मीडिया और अन्य संचार माध्यमों से संपर्क रखा जाता था। नए एवं पुराने अपराधियों को गिरोह से जोड़कर रंगदारी वसूली, हथियारों की व्यवस्था तथा शूटर्स के माध्यम से आपराधिक वारदात करवाने की योजना बनाई जाती थी। इनके द्वारा वसूल की गई रंगदारी से प्राप्त धनराशि का इस्तेमाल हथियार, कारतूस तथा आरोपियों की फरारी काटने में सहायता कराने के लिए किया जाता था।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड

उपलब्ध पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपियों पर पहले से ही कई गंभीर मामले दर्ज हैं। नरेंद्र उर्फ सोनू के विरुद्ध 21, सलीम के विरुद्ध 10, मोहित के विरुद्ध 02, आर्यन उर्फ रितेश के विरुद्ध 04 तथा दयाराम के विरुद्ध 05 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या का प्रयास, रंगदारी, डकैती/लूट, आपराधिक षड्यंत्र, धमकी और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं। पुलिस द्वारा गिरोह के अन्य सदस्यों, हथियार सप्लायरों, संभावित शूटर्स तथा रंगदारी नेटवर्क से जुड़े व्यक्तियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। गुरुग्राम पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि संगठित अपराध, रंगदारी, अवैध हथियार और गैंगवार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे आपराधिक नेटवर्क के विरुद्ध आगे भी लगातार प्रभावी एवं कठोर कानूनी कार्यवाही की जाती रहेगी।

Share:

Comments

Leave a comment