गुरुग्राम पुलिस की बड़ी सफलता: हिमांशु भाऊ और दीपक नांदल गैंग के 7 सक्रिय सदस्य गिरफ्तार

Atal Hind12 August 20264 min read16 viewsगुरुग्राम
गुरुग्राम पुलिस की बड़ी सफलता: हिमांशु भाऊ और दीपक नांदल गैंग के 7 सक्रिय सदस्य गिरफ्तार

विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टरों के गैंग के सात सक्रिय सदस्य गिरफ्तार

सभी दीपक नांदल, उसकी पत्नी मीनाक्षी तथा अपराधी हिमांशु भाऊ से जुड़े 

4 पिस्टल, 18 कारतूस, 6  फोन और हवाला में इस्तेमाल आधा करेंसी नोट बरामद

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टरों के आपराधिक नेटवर्क को बड़ा झटका दिया

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से करीब ढाई दर्जन आपराधिक मामले दर्ज

गुरुग्राम 12 अगस्त 2026/फतह सिंह उजाला/अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

गुरुग्राम पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टरों के आपराधिक नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है। गुरुग्राम पुलिस की टीम ने विदेश में छिपे अपराधी दीपक नांदल, उसकी पत्नी मीनाक्षी तथा अपराधी हिमांशु भाऊ से जुड़े गिरोह के 7 सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चांदनी चौक, दिल्ली में हवाला का काम करने वाला एक आरोपी भी शामिल है।

एसीपी ललित ने पत्रकार वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि यह गिरोह गुरुग्राम सहित हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में संगठित अपराध को अंजाम दे रहा था। गिरोह द्वारा बिल्डरों, व्यापारियों तथा बॉलीवुड, हरियाणवी एवं म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को फोन कर अवैध वसूली और फिरौती के लिए धमकाया जाता था। इसके अलावा, आमजन में भय का माहौल पैदा करने के लिए वारदातों की जिम्मेदारी सोशल मीडिया पर लेकर गिरोह अपनी आपराधिक मौजूदगी प्रदर्शित करता था।

रेकी से लेकर रंगदारी की रकम पहुंचाने तक नेटवर्क

पुलिस जांच एवं पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी संदीप, बलविंदर उर्फ सोनू नांदल, योगेश उर्फ कछुआ और शुभम सिक्का सहित अन्य सहयोगी गिरोह के लिए व्यापारियों के मोबाइल नंबर उपलब्ध करवाने, उनके घरों एवं कार्यालयों की रेकी करवाने तथा अवैध रूप से वसूली गई रकम को गिरोह के फरार सदस्यों तक पहुंचाने का काम करते थे। इसके साथ ही गिरोह के सदस्यों को हथियार एवं कारतूस उपलब्ध कराने में भी इनकी भूमिका सामने आई है।

दिल्ली के चांदनी चौक से जुड़ा हवाला नेटवर्क

गिरफ्तार आरोपी गौरव अरोड़ा चांदनी चौक, दिल्ली में हवाला का कारोबार करता है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आपराधिक गतिविधियों से अर्जित धन को हवाला चैनल के माध्यम से गिरोह के सदस्यों तक पहुंचाने के लिए इस नेटवर्क का इस्तेमाल किया जाता था। आरोपी के कब्जे से हवाला में प्रयुक्त आधा करेंसी नोट भी बरामद किया गया है।

विदेश में बैठकर सोशल मीडिया के जरिए गैंग का संचालन

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दीपक नांदल और हिमांशु भाऊ वर्तमान में विदेश में फरार हैं और सोशल मीडिया एप्लीकेशनों के माध्यम से गिरोह के अन्य सदस्यों के संपर्क में रहकर आपराधिक गतिविधियों को संचालित कर रहे हैं। पुलिस द्वारा अब विदेश में बैठे इन अपराधियों से जुड़े स्थानीय नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन, डिजिटल संपर्कों तथा अन्य सहयोगियों की पहचान की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास

गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में भी कई गंभीर मामले सामने आए हैं। योगेश उर्फ कछुआ के खिलाफ दिल्ली एवं हरियाणा में 8 अभियोग दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, जान से मारने की धमकी, चोरी एवं शस्त्र अधिनियम से संबंधित मामले शामिल हैं। संदीप हुड्डा के खिलाफ हत्या एवं शस्त्र अधिनियम के 2 अभियोग रोहतक में दर्ज हैं। वहीं रोहित उर्फ शक्ति के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास एवं शस्त्र अधिनियम सहित 2 अभियोग दर्ज हैं। बलविंदर उर्फ सोनू के खिलाफ हरियाणा में हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, शस्त्र अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट एवं प्रिजन एक्ट सहित 17 अभियोग दर्ज हैं। इस प्रकार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से करीब ढाई दर्जन आपराधिक अभियोग दर्ज हैं।

सभी आरोपीयों की उम्र 30 से 35 वर्ष आयु बीच

उन्होंने बताया कि  गुरुग्राम पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में 7 आरोपियों को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान योगेश उर्फ कछुआ निवासी कमला नगर, रोहतक, शुभम सिक्का निवासी कमला नगर, रोहतक, संदीप हुड्डा निवासी प्रीत विहार, रोहतक, रोहित उर्फ शक्ति निवासी गांव मैना, रोहतक, बलविंदर उर्फ सोनू निवासी गांव नांदल, रोहतक, सुरजीत निवासी गांव माकडोली, रोहतक तथा गौरव अरोड़ा निवासी पश्चिम विहार, दिल्ली के रूप में हुई है। दीपक नांदल, उसकी पत्नी मीनाक्षी तथा अपराधी हिमांशु भाऊ से जुड़े  है। सभी आरोपीयों की उम्र 30 से 35 वर्ष आयु बीच की है।

हथियार, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद

गुरुग्राम पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 पिस्टल, 18 जिंदा कारतूस, 6 मोबाइल फोन तथा हवाला में प्रयुक्त आधा करेंसी नोट बरामद किया है। बरामद मोबाइल फोन एवं अन्य डिजिटल साक्ष्यों की तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों, आपराधिक वारदातों, वित्तीय लेन-देन और विदेश में बैठे सरगनाओं से उनके संपर्कों का पता लगाया जा सके।

Share:

Comments

Leave a comment