गुरुग्राम में पुलिस ने बारिश में भटके दो बच्चों और मेले में गुम एक बच्चे को परिजनों से मिलाया

बारिश में भटके 02 बच्चों तथा मेले में गुम 01 बच्चे को परिजनों से मिलवाया
4 व 5 वर्षीय दो छोटे बच्चे अपने घर से भटके हुए घूमते हुए मिले
गोगा मेला, नाहरपुर में पुलिस को एक बच्चा अकेले घूमता हुआ मिला
छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखें तथा उन पर सतत निगरानी बनाए रखें
फतह सिंह उजाला/गुरुग्राम, /06 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
गुरुग्राम पुलिस ने बारिश के दौरान भटके हुए दो छोटे बच्चों और जाहरवीर गोगा मेले में गुम हुए एक बच्चे को उनके परिजनों से सकुशल मिलवा दिया है। यह पूरी घटना गुरुग्राम की है जहां पुलिस ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए बच्चों को उनके माता-पिता तक पहुंचाया।
बारिश के दौरान भटके दो बच्चे
संडे को बारिश के दौरान थाना सैक्टर-40, गुरुग्राम एवं ERV पुलिस टीम को क्षेत्र में लगभग 4 व 5 वर्ष के दो छोटे बच्चे अपने घर से भटके हुए घूमते हुए मिले। पुलिस टीम ने दोनों बच्चों को तुरंत अपनी सुरक्षा में ले लिया। इसके बाद पुलिस टीम ने उनके परिजनों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम एवं ERV स्टाफ द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आसपास के क्षेत्र में पूछताछ की गई। बच्चों के माता-पिता का पता लगाने के लिए लगातार प्रयास किए गए। अथक प्रयासों के बाद दोनों बच्चों के परिजनों का सफलतापूर्वक पता लगा लिया गया।
गोगा मेले में मिला गुमशुदा बच्चा
इसी प्रकार सोमवार को ही जाहरवीर गोगा मेला, नाहरपुर के दौरान पुलिस टीम को एक छोटा बच्चा अकेले घूमता हुआ मिला। पुलिस चौकी नाहरपुर रूपा, गुरुग्राम की टीम ने बच्चे को तुरंत अपनी सुरक्षा में ले लिया। इसके बाद पुलिस टीम ने बच्चे के परिजनों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मेले में आसपास पूछताछ की गई। बच्चे की माता का पता लगाने के लिए लगातार प्रयास किए गए। अथक प्रयासों के बाद बच्चे की माता का सफलतापूर्वक पता लगा लिया गया।
परिजनों ने किया पुलिस का आभार व्यक्त
आवश्यक पूछताछ एवं कानूनी औपचारिकताएँ पूर्ण करने के उपरांत बच्चों को सकुशल उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। अपने बच्चों को सुरक्षित पाकर परिजनों ने गुरुग्राम पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त किया। गुरुग्राम पुलिस सभी अभिभावकों से अपील करती है कि छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखें। बच्चों पर सतत निगरानी बनाए रखें। यदि कोई बच्चा भटका हुआ अथवा गुम मिलता है या कोई बच्चा गुम हो जाता है, तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या चौकी अथवा डायल-112 पर सूचना दें। गुरुग्राम पुलिस आपकी सेवा, सुरक्षा एवं सहयोग के लिए 24 घंटे और सातों दिन यानी 24×7 तत्पर है।