गुरुग्राम में बड़ी कार्रवाई: मोटरसाइकिल पर निकले 43 चालान और 1,94,000 रुपये का जुर्माना पेंडिंग, गाड़ी इंपाउंड

गुरुग्राम यातायात पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इस अभियान के तहत लंबे समय से लंबित चालानों का भुगतान न करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के प्रावधानों के अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही वाहन चालकों को उनके लंबित चालानों की जानकारी देकर समय पर भुगतान करने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।
वजीराबाद चौक पर चेकिंग के दौरान पकड़ी गई मोटरसाइकिल
जोनल अधिकारी वजीराबाद चौक, सहायक उप निरीक्षक युद्धवीर द्वारा अपनी टीम के साथ नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल को रोककर उसके दस्तावेज दिखाने को कहा गया। परंतु चालक कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर पाया।
मोटरसाइकिल पर थे 43 चालान और 1,94,000 रुपये का जुर्माना
जांच में पाया गया कि उक्त मोटरसाइकिल पर मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की विभिन्न धाराओं के तहत कुल 43 चालान लंबित हैं। इन लंबित चालानों की कुल जुर्माना राशि 1,94,000 रुपये है। इनमें अधिकांश चालान बिना हेल्मेट वाहन चलाने, बिना इंश्योरेंस तथा बिना HSRP नंबर प्लेट सहित अन्य कुल 43 चालान लंबित पाए गए।
पुलिस की अपील और वाहन इंपाउंड की कार्रवाई
लंबित चालानों के कारण नियमानुसार कार्रवाई करते हुए गुरुग्राम यातायात पुलिस द्वारा उक्त मोटरसाइकिल को इंपाउंड कर निर्धारित पार्किंग में खड़ा कराया गया। गुरुग्राम यातायात पुलिस सभी वाहन चालकों से अपील करती है कि वे यातायात नियमों का पालन करें। अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज जैसे वैध बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र एवं अन्य आवश्यक कागजात अद्यतन रखें तथा लंबित चालानों का समय पर भुगतान सुनिश्चित करें। यातायात नियमों का पालन आपकी एवं अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है।