गुरुग्राम में ट्रैफिक पुलिस ने गुम हुए 10 वर्षीय बालक को परिजनों से मिलाया

गुरुग्राम में यातायात पुलिसकर्मियों ने एक सराहनीय कार्य करते हुए गुम हुए 10 वर्षीय बालक को उसके परिजनों से सकुशल मिला दिया है। यह घटना 30 अगस्त 2026 की रात्रि की है, जब जोनल अधिकारी राजीव चौक उप निरीक्षक राजकुमार, मुख्य सिपाही इकबाल, सिपाही टिंकू एवं अन्य यातायात पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान उन्हें करीब 10 वर्षीय एक बच्चा अकेला घूमता हुआ दिखाई दिया।
बच्चे की पहचान और पुलिस की कार्रवाई
यातायात पुलिसकर्मियों द्वारा बच्चे से उसके घर एवं परिजनों के बारे में पूछताछ की गई। लेकिन बच्चा स्पष्ट रूप से कुछ बता पाने में असमर्थ था। बच्चे द्वारा दी गई थोड़ी-बहुत जानकारी एवं उसके द्वारा बताए गए इशारों के आधार पर यातायात पुलिसकर्मियों द्वारा मेदांता वाले रोड पर व आसपास पूछताछ शुरू की गई।
दुकानदार की मदद से हुआ परिजनों से संपर्क
इसी दौरान मेदांता वाले रोड पर एक स्थानीय दुकानदार ने बच्चे को पहचान लिया। दुकानदार ने बताया कि यह बच्चा मुकेश, निवासी झाड़सा के मकान में किराये पर रहता है। दुकानदार से मुकेश का संपर्क नंबर प्राप्त कर उससे संपर्क किया गया। इसके बाद मुकेश के माध्यम से बच्चे के पिता अहमद निवासी गाँव मलिकपूर, उत्तर प्रदेश से संपर्क हुआ।
पिता को सौंपा गया बच्चा
अहमद ने बताया कि बच्चे का नाम उस्मान है और वह उनका बेटा है, जो उसी दिन शाम करीब 4 बजे से लापता था। इसके पश्चात अहमद को मौके पर बुलाया गया। आवश्यक पहचान एवं पुष्टि के बाद बच्चे को सकुशल उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया। अपने बच्चे को सकुशल पाकर उसके पिता अहमद ने गुरुग्राम यातायात पुलिसकर्मियों का दिल से आभार व्यक्त किया। गुरुग्राम यातायात पुलिस अपने कर्तव्य के साथ-साथ नागरिकों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए सदैव तत्पर है।