गुरुग्राम में 112 साल बाद मिला पहले विश्व युद्ध के शहीद का रिकॉर्ड, दो गुमनाम नायकों के ऐतिहासिक दस्तावेज आए सामने

गुरुग्राम में 112 साल बाद मिला पहले विश्व युद्ध के शहीद का रिकॉर्ड, दो गुमनाम नायकों के ऐतिहासिक दस्तावेज आए सामने

हरियाणा में इतिहास में गुम हो चुके वीरों को सम्मान दिलाने के लिए एक बड़ी मुहिम को लगातार गति मिल रही है। इस संबंध में एक शोधकर्ता ने पटौदी खंड के पथरेड़ी गांव के दो गुमनाम नायकों के ऐतिहासिक दस्तावेज खोजे हैं। शोधकर्ता भगवान फौगाट ने यह प्रमाण जुटाए हैं जो स्वतंत्रता सेनानी राम सिंह के पुत्र और शहीद स्वतंत्रता सेनानी नेतराम लोहचब के पड़पोते हैं। उन्होंने नेशनल आर्काइव्स और अंतरराष्ट्रीय सैन्य रिकॉर्ड खंगाल कर यह प्रमाण जुटाए हैं।

प्रथम विश्व युद्ध के शहीद चेत राम का रिकॉर्ड आया सामने

कॉमनवेल्थ वॉर ग्रेव्स कमीशन के रिकॉर्ड के अनुसार, पथरेड़ी निवासी सिपाही चेत राम पुत्र परम सुख ने प्रथम विश्व युद्ध में चार अगस्त 1914 को बलिदान दिया था। 112 साल बाद शहीद चेत राम का बलिदान सामने आया है। उनका नाम इंडियन बुक ऑफ रिमेंबरेंस में दर्ज है, लेकिन अब तक गांव के गौरव-पट्ट पर उनका नाम नहीं है।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

स्वतंत्रता सेनानी जुग लाल को भी गुमनामी से बाहर निकाला गया

इसी तरह से जुग लाल नामक स्वतंत्रता सेनानी को भी गुमनामी से बाहर निकाला गया है। हूज हू स्वतंत्रता सेनानी संकलन के अनुसार, जुग लाल पुत्र टेक राम का जन्म 1907 में पथरेड़ी में हुआ था। वे पहले 4/19 हैदराबादी रेजिमेंट में थे। फिर 1942 में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की आजाद हिंद फौज की सुभाष ब्रिगेड में शामिल होकर देश के लिए लड़े, बंदी बने और यातनाएं झेलीं।

प्रशासन और पंचायत से वीरों के नाम गौरव-पट्ट पर अंकित करने की मांग

शोधकर्ता ने प्रशासन और पंचायत से मांग की है कि दोनों वीरों के नाम राजकीय सम्मान के साथ पथरेड़ी के गौरव-पट्ट पर अंकित किए जाएं। शोधकर्ता भगवान फौगाट ने हरियाणा की जनता से अपील की है कि वे अपने गांवों के गौरव-पट्ट की फोटो साझा करें। अगर किसी वीर का नाम छूटा है तो वे आर्काइव्स से प्रमाण खोजकर उन्हें सम्मान दिलाने में मदद करेंगे।

Share:

Comments

Leave a comment