राजनीति केवल पद नहीं बल्कि जनसेवा का माध्यम-आरती राव
जनता का विश्वास और आशीर्वाद ही बेहतर कार्य करने की प्रेरणा
सरकार का उद्देश्य गांव और कस्बों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना
बेहतर, आधुनिक और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को प्रतिबद्ध
मार्केट कमेटी पटौदी के चेयरमैन मनोज के कार्यालय का किया उद्घाटन
हेलीमंडी /13 मई/फतह सिंह उजाला
राजनीति लिए केवल पद नहीं बल्कि जनसेवा का माध्यम है। जनता का विश्वास और आशीर्वाद ही लगातार बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है। प्रदेश सरकार हरियाणा में बेहतर, आधुनिक और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग लगातार चिकित्सा ढांचे को मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है ताकि आम नागरिकों को अपने जिले और क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध हो सके। सरकार का उद्देश्य केवल बड़े शहरों तक स्वास्थ्य सेवाओं को सीमित रखना नहीं, बल्कि गांव और कस्बों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना है। यह बात हरियाणा की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान एवं आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने बुधवार को मार्केट कमेटी कार्यालय परिसर में मार्केट कमेटी पटौदी के चेयरमैन मनोज मोकलवास के पद ग्रहण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही कार्यक्रम में पटौदी की विधायक श्रीमती बिमला चौधरी भी मौजूद रही।
जनप्रतिनिधि लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरें
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव चेयरमैन मनोज मोकलवास के कार्यालय का उद्घाटन करने उपरांत कहा कि विधायक बनने और मंत्री पद की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनकी प्राथमिकता जनता के बीच रहकर काम करना है। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ साल के दौरान उन्होंने लगातार क्षेत्र के लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए कार्य किया है। शुरुआत में लोगों के मन में यह सवाल था कि उनसे मुलाकात कहां और कैसे होगी, लेकिन अब लगातार संवाद और कार्यशैली के माध्यम से जनता का विश्वास मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का असली दायित्व केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरना और हर जरूरत के समय उनके साथ खड़ा रहना है। आरती राव ने कहा कि विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों पर वह पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही हैं और आगे भी इसी तरह जनता की सेवा करती रहेंगी।
मूलभूत सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया
आरती राव ने कहा कि अस्पतालों में आधुनिक मशीनों, विशेषज्ञ डॉक्टरों और जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्वच्छता, बैठने की व्यवस्था, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को सम्मानजनक और बेहतर वातावरण में उपचार उपलब्ध कराना भी सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए कई नई योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है और आने वाले समय में लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
अटल किसान मजदूर कैंटीन की सुविधा शुरू होगी
स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने कहा कि आगामी फसल खरीद सीजन में पटौदी-जटौली मंडी में अटल किसान मजदूर कैंटीन की सुविधा शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस कैंटीन के माध्यम से किसानों, मजदूरों और मंडी में आने वाले आम लोगों को मात्र 10 रुपये में पौष्टिक भोजन की थाली उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों और श्रमिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है ताकि मंडियों में आने वाले लोगों को भोजन जैसी मूलभूत जरूरतों के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े। आरती राव ने कहा कि प्रदेश सरकार किसान हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीन पर उतारने का कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में यह गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे
इस अवसर पर पटौदी के एसडीएम दिनेश लुहाच, भाजपा गुरुग्राम महानगर अध्यक्ष अजीत यादव, जिला परिषद प्रमुख दीपाली चौधरी, मानेसर की महापौर डॉ इंद्रजीत यादव, पटौदी जटौली मंडी नगर परिषद के चेयरमैन प्रवीण ठाकरिया, पूर्व जिला पार्षद वीरेंद्र सिंह हबलू, जिला विपणन प्रवर्तन अधिकारी विनय यादव, मार्केट कमेटी के सचिव विपिन यादव, वाइस चेयरमैन अमित, नगर पालिका हेलीमंडी के पूर्व अध्यक्ष सुरेश यादव, सरपंच एकता मंच के अध्यक्ष एवं गांव दौलताबाद के सरपंच अजीत यादव सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
Add A Comment


