हांसी में कपड़ों के शोरूम में गैस सिलेंडर फटने से लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

हांसी के हिसार रोड पर हुंडई शोरूम के सामने स्थित नवनिर्मित कपड़ों के शोरूम 'द थ्रेड एंपायर' में गुरुवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना में कपड़ों का पूरा स्टॉक और अधिकांश सामान जलकर राख हो गया है। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हांसी से तीन और हिसार से दो दमकल गाड़ियों को मौके पर बुलाना पड़ा।
गैस सिलेंडर फटने से बढ़ी मुश्किलें
आग बुझाने के दौरान शोरूम के अंदर रखा गैस सिलेंडर अचानक फट गया। सिलेंडर फटने से आग की लपटें और तेज हो गईं। इस दौरान फायर ऑपरेटर राहुल बाल-बाल बच गए और आग की चपेट में आने से बच गए।
कई घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
दमकल कर्मियों ने शोरूम की पिछली दीवार तोड़कर अंदर पहुंचने का रास्ता बनाया। लगातार कई घंटे तक अभियान चलाकर दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। तब तक शोरूम में रखा कपड़ों का स्टॉक और अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। आग से शोरूम के भवन को भी भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है।
15 अगस्त को हुआ था शोरूम का उद्घाटन
जानकारी के अनुसार 'द थ्रेड एंपायर' शोरूम का उद्घाटन 15 अगस्त को ही हुआ था। आगामी 15 सितंबर को इसे खुले हुए एक माह पूरा होना था। लेकिन उससे पहले ही शोरूम आग की भेंट चढ़ गया। आग लगने की सूचना गुरुवार देर रात डायल-112 के माध्यम से पुलिस को मिली।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखजीत सिंह ने शुक्रवार को बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग से हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है। इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।