हांसी में कष्ट निवारण समिति की बैठक: बरसाती नाले का काम जल्द पूरा करने के निर्देश और मारपीट मामले की होगी दोबारा जांच

हांसी में कष्ट निवारण समिति की बैठक: बरसाती नाले का काम जल्द पूरा करने के निर्देश और मारपीट मामले की होगी दोबारा जांच

हांसी में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा एक्शन मोड में नजर आए। बैठक के दौरान उन्होंने कुल 12 जनपरिवादों में से 10 का मौके पर ही समाधान कर दिया। इसके अलावा दो मामलों को लंबित रखते हुए संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

ढाणी पुरिया बरसाती नाला और पेयजल संकट पर निर्देश

एसडी महिला महाविद्यालय के सभागार में यह बैठक संपन्न हुई। ढाणी पुरिया की बरसाती नाले की शिकायत पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य जल्द पूरा करवाने के निर्देश दिए। मंत्री ने ग्रामीणों से अपील की कि वे निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा न डालें। नाले का निर्माण पूरा होने से बरसाती पानी की निकासी की समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा। घिराय गांव में पेयजल संकट की शिकायत पर अधिकारियों ने बताया कि पेयजल परियोजना का टेंडर अलॉट हो चुका है और जल्द ही काम शुरू कर दिया जाएगा। मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि टेंडर होने के बाद अब काम में किसी भी तरह की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

पेयजल, सीवरेज और मारपीट के मामलों पर एक्शन

हांसी निवासी प्रवेश जांगड़ा की पेयजल और सीवरेज संबंधी शिकायत पर भी मंत्री ने दोनों समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने जानकारी दी कि सीवरेज लाइन को दुरुस्त करने का एस्टीमेट सरकार को भेजा जा चुका है और इसकी तकनीकी मंजूरी भी मिल चुकी है। सुल्तानपुर निवासी संदीप की मारपीट संबंधी शिकायत पर मंत्री ने इस मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश दिए। उन्होंने जिला परिवेदना समिति के दो सदस्यों को जांच में शामिल करते हुए मामले की दोबारा जांच करवाने के निर्देश दिए ताकि सच्चाई सामने आ सके और शिकायतकर्ता को न्याय मिल सके।

फसल बीमा और अन्य जनसमस्याओं का समाधान

सिंघवा राघो निवासी राजकुमार की फसल बीमा राशि नहीं मिलने की शिकायत पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को पात्र किसान को बीमा का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। माजरा गांव में 100-100 वर्ग गज के प्लाटों से जुड़ी शिकायत पर एसडीएम नारनौंद को जांच करके तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनका काम केवल शिकायत दर्ज करना नहीं है, बल्कि उसका समाधान सुनिश्चित करना है। आमजन को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए अधिकारी शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करें और उसकी निगरानी भी करें। बैठक में विधायक विनोद भयाना, उपायुक्त राहुल नरवाल, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार समेत कई अन्य प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Share:

Comments

Leave a comment