हांसी में जागरण गए परिवार के घर से 30 तोले सोना और लाखों की नकदी चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

हाँसी के पॉश और सुरक्षित माने जाने वाले हुडा सेक्टर-6 में चोरों ने एक बंद कोठी को निशाना बनाया है। चोरों ने इस दौरान करीब 30 तोले सोने के आभूषण और लाखों रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया है। चोरी हुए सोने की कुल कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई जा रही है। वारदात के समय कोठी के मालिक शुभम गर्ग का पूरा परिवार पंचायती रामलीला मैदान में आयोजित श्याम बाबा के जागरण में गया हुआ था।
परिवार की गैर मौजूदगी का उठाया फायदा
परिवार की गैर मौजूदगी का पूरा फायदा उठाते हुए चोर घर की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए थे। चोरों ने घर के अंदर करीब एक घंटे चार मिनट तक बेखौफ होकर कोठी को खंगाला। चोरों ने सबसे पहले घर के कमरों के ताले तोड़े। इसके बाद अलमारियों और लॉकरों को पूरी तरह से निशाना बनाया गया। यहाँ तक कि चोरों ने घर के गद्दों तक को खंगाल डाला। घर में रखे कुल तीन लॉकर तोड़े गए और उनमें रखा सोना, नकदी तथा अन्य कीमती सामान लेकर चोर मौके से फरार हो गए। यह पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
देर रात परिजनों को चला चोरी का पता
शुभम गर्ग ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार की रात परिवार के सभी सदस्य रामलीला मैदान में श्याम बाबा के जागरण में गए थे। इसके बाद देर रात करीब 2:30 बजे उनके ताऊजी और दादी घर वापस पहुँचे। उन्होंने देखा कि घर का मेन गेट बाहर से बंद था। लेकिन जब वे घर के अंदर पहुँचे तो उन्हें कमरों के ताले टूटे हुए मिले और सारा सामान बिखरा पड़ा था। घर की अलमारियां पूरी तरह से खुली हुई थीं और लॉकर भी टूटे हुए थे। घर की ऐसी हालत देखकर उन्होंने तुरंत पुलिस को इस घटना की सूचना दी।
चार संदिग्धों के शामिल होने की आशंका
प्रारंभिक जाँच में इस पूरी वारदात में करीब चार संदिग्धों के शामिल होने की बात सामने आ रही है। सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध साफ तौर पर कोठी के अंदर दाखिल होते हुए दिखाई दे रहे हैं। वहीं अन्य दो संदिग्ध घर के बाहर रहकर आसपास की गतिविधियों और आने-जाने वाले लोगों पर नजर रख रहे थे। फुटेज के अनुसार चोर लगभग एक घंटे चार मिनट तक कोठी के अंदर मौजूद रहे। इसके बाद वे सारा चोरी का सामान लेकर वहाँ से फरार हो गए।
पुलिस जाँच और स्थानीय लोगों की चिंता
घटना की सूचना मिलते ही अनाज मंडी चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस ने फिंगर प्रिंट विशेषज्ञों की टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने मौके से फिंगर प्रिंट और अन्य जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को भी अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जाँच शुरू कर दी है। आवास मालिक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। हुडा सेक्टर-6 जैसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में इतनी बड़ी चोरी होने की वजह से आसपास के लोगों में काफी चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और चोरी हुआ सारा सामान बरामद किया जाए।