हांसी में स्वतंत्रता दिवस रिहर्सल के दौरान भीषण गर्मी और उमस से कई स्कूली बच्चों की तबीयत बिगड़ी, एसडीएम ने लगाई फटकार

हांसी में पहली बार आयोजित होने जा रहे जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के तहत गुरुवार को अनाज मंडी में आयोजित अंतिम रिहर्सल के दौरान भीषण गर्मी और उमस के कारण कई स्कूली बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। अनाज मंडी में करीब 750 स्कूली बच्चे पहुंचे थे। रिहर्सल के लिए पर्याप्त पंखे और कूलर नहीं होने पर अब कई सवाल उठ रहे हैं। गर्मी से परेशान कुछ बच्चों को उनके अभिभावकों के साथ घर भेजना पड़ा। बच्चों की परेशानी की सूचना मिलने पर एसडीएम राजेश खोथ मौके पर पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए शिक्षकों एवं प्राचार्यों को फटकार लगाई। उन्होंने बच्चों की सुविधा और सुरक्षा के लिए तत्काल पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस समारोह की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सामूहिक पीटी की अंतिम रिहर्सल के लिए गुरुवार सुबह करीब 7:45 बजे बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों को अनाज मंडी बुलाया गया था। इस बार हांसी में पहली बार जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया जा रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ध्वजारोहण करेंगे। बारिश की संभावना को देखते हुए परेड सहित अन्य कार्यक्रम राजकीय महाविद्यालय में तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामूहिक पीटी अनाज मंडी के शेड में आयोजित करने की व्यवस्था की गई है।
रिहर्सल के दौरान पर्याप्त पंखे-कूलर नहीं होने पर उठे सवाल
रिहर्सल के दौरान बच्चों के लिए पर्याप्त पंखे और कूलर नहीं होने की बात सामने आई। मंडी में बनाए गए मंच पर चार बड़े कूलर लगाए गए थे, लेकिन उनकी हवा मुख्य रूप से मंच पर बैठे अधिकारियों, शिक्षकों और अन्य लोगों तक पहुंच रही थी। दूसरी ओर, सामने घंटों से बैठे छोटे बच्चे गर्मी और उमस से परेशान दिखाई दिए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की वेशभूषा में तैयार बच्चे पसीने से तर-बतर नजर आए। एक शिक्षक ने बताया कि बच्चों को पिछले दो दिनों से लगातार रिहर्सल के लिए अनाज मंडी लाया जा रहा है। गर्मी के कारण पहले भी कुछ बच्चों की तबीयत खराब हो चुकी है। बुधवार को भी कुछ बच्चों की हालत बिगड़ने के बाद उन्हें उनके अभिभावकों के साथ घर भेजना पड़ा था।
एसडीएम ने लिया जायजा और दिए निर्देश
गुरुवार को भी बच्चों की परेशानी की सूचना अधिकारियों तक पहुंची जिसके बाद एसडीएम राजेश खोथ मौके पर पहुंचे और रिहर्सल स्थल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षकों और प्राचार्यों से नाराजगी जताते हुए बच्चों के लिए आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां महत्वपूर्ण हैं, लेकिन बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जा सकता। उपायुक्त डॉ. राहुल नरवाल को भी मामले की जानकारी दी गई है और उन्होंने समस्या का समाधान करवाने की बात कही। वहीं, सीटीएम हिमांशु चौहान ने बताया कि रिहर्सल स्थल पर नागरिक अस्पताल की दो एंबुलेंस तैनात हैं। गर्मी के कारण जिन बच्चों की तबीयत खराब हो रही है, उन्हें ओआरएस दिया जा रहा है तथा आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बच्चों को गर्मी से राहत देने के लिए अतिरिक्त कूलर और पंखे लगाने का आश्वासन दिया।