हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत आगामी 15 अगस्त 2026 को उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद में स्थित इंदिरा बाल भवन में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में जिलाधिकारी जसजीत कौर ने शासन के निर्देशों के क्रम में जानकारी दी है और कार्यक्रम को सफल, सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए परियोजना निदेशक, डीआरडीए को नोडल अधिकारी तथा उप कृषि निदेशक, जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को सह-नोडल अधिकारी नामित किया है। नामित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे संबंधित विभागों से आवश्यक समन्वय स्थापित करते हुए कार्यक्रम की समस्त व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराएं।
कार्यक्रम स्थल पर राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान एवं झंडा संहिता के प्रावधानों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम, वंदे मातरम् एवं राष्ट्रभक्ति गीतों का आयोजन शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कराया जाएगा।
नगर पालिका परिषद, बिजनौर द्वारा कार्यक्रम स्थल पर स्वच्छता, साज-सज्जा, ध्वज रोहण की समुचित तैयारी, प्रतिभागियों के बैठने की व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, मोबाइल टॉयलेट आदि की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बिजनौर द्वारा प्राथमिक चिकित्सा एवं चिकित्सक सहित मोबाइल एम्बुलेंस की व्यवस्था कराई जाएगी।
तहसीलदार सदर, बिजनौर द्वारा कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीद सैनिकों के आश्रितों एवं वीर नारियों को आमंत्रित करने तथा उन्हें उनके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। कार्यक्रम में अधिकाधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अन्नदाताओं (कृषकों), महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, युवक/महिला मंगल दल के सदस्यों, एनसीसी कैडेट्स एवं स्कूली छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने नामित नोडल एवं सह-नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्यक्रम की समस्त व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करें। यह सुनिश्चित किया जाए कि 15 अगस्त, 2026 को इंदिरा बाल भवन, बिजनौर में हर घर तिरंगा अभियान-2026 के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यक्रम गरिमापूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो।