कैथल में 9 से 17 अगस्त तक धूमधाम से मनाया जाएगा हर घर तिरंगा अभियान, एडीसी सुशील कुमार ने दिए निर्देश

कैथल में आगामी नौ से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान बड़े ही धूमधाम से मनाया जाएगा। एडीसी डॉ. सुशील कुमार ने लघु सचिवालय स्थित सभागार कक्ष में सभी विभागाध्यक्षों की बैठक में यह जानकारी दी। इस अभियान के तहत लघु सचिवालय सहित कई सरकारी भवनों को तिरंगा लाइटों से सजाया जाएगा और जिले में साइकिल व बाइक तिरंगा रैलियां निकाली जाएंगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सौंपी गई जिम्मेदारियों का गंभीरता से पालन करें और समय रहते तैयारियां पूरी करें।
अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
शहरी क्षेत्र के लिए जिला नगर आयुक्त और ग्रामीण क्षेत्र के लिए सीईओ जिला परिषद को इस कार्यक्रम के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। शिक्षा विभाग इस अभियान में तिरंगा यात्रा का सफलता के साथ आयोजन करें जिसमें स्कूली बच्चों, एनएसएस, स्काउट के स्वयं सेवकों और कॉलेजों के बच्चे भाग लें। शिक्षा विभाग साइकिल तिरंगा यात्रा में सहयोग करेगा, उच्च शिक्षा विभाग द्वारा ई-बाइक रैली निकाली जाएगी और खेल विभाग के संयोजन में तिरंगा बाइक रैली का आयोजन होगा।
सेल्फी प्वाइंट, प्रदर्शनी और विभाजन विभीषिका दिवस
लघु सचिवालय और डीएमसी कार्यालय सहित अन्य जगहों पर तिरंगा सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे। एक अगस्त से 15 अगस्त तक केंद्र सरकार के पोर्टल पर तिरंगा सेल्फी अपलोड करने व क्विज में भाग लेने के लिए शिक्षा विभाग युवाओं को प्रेरित करें। अभियान के तहत एक प्रदर्शनी और तिरंगा पेंटिंग का आयोजन भी किया जाएगा। इसके साथ ही 14 अगस्त को जिले में विभाजन विभीषिका दिवस मनाया जाएगा जिसमें त्रासदी झेलने वाले लोगों को नमन किया जाएगा।