हर घर तिरंगा अभियान : शान से लहराएं तिरंगा, नियमों और सम्मान का रखें विशेष ध्यान : एसपी दीपक सहारन

वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में जिलेभर में 9 से 17 अगस्त तक शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तिरंगा अभियान के तहत यात्राओं और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। सिरसा पुलिस ने जिले वासियों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी करते हुए घरों पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा पूरे सम्मान और गर्व के साथ फहराने की अपील की है।
राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान है हर नागरिक का नैतिक कर्तव्य
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और गौरव का प्रतीक है। इसका सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। अभियान के दौरान पुलिस अधिकारी और कर्मचारी पुलिस कार्यालयों, थाना परिसरों तथा अन्य पुलिस प्रतिष्ठानों में तिरंगे के सम्मान और उसके सही उपयोग को लेकर आमजन को जागरूक करेंगे।
राष्ट्रीय ध्वज के उपयोग को लेकर जारी किए गए जरूरी नियम
एसपी ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज को हमेशा साफ-सुथरे और सम्मानजनक स्थान पर ही फहराया जाए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज पर किसी प्रकार की लिखावट, नाम, संदेश, नारा या चित्र नहीं बनाया जाना चाहिए। तिरंगे का उपयोग वाहन ढकने, सामान लपेटने या रखने के लिए न करें। ऐसी पोशाक या वस्तुओं पर भी इसका इस्तेमाल न किया जाए, जिससे राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा प्रभावित हो।
तिरंगे के अपमान पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
एसपी ने लोगों से अपील की कि कार्यक्रमों में इस्तेमाल किए गए कागज के तिरंगों को इधर-उधर न फेंकें, बल्कि उनका सम्मान पूर्वक निस्तारण करें। क्षतिग्रस्त तिरंगे को भी सार्वजनिक स्थान पर फेंकने के बजाय निर्धारित गरिमापूर्ण तरीके से निस्तारित किया जाए। राष्ट्रीय ध्वज का अपमान कानूनन दंडनीय है। एसपी दीपक सहारन ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज को जलाना, फाड़ना, नुकसान पहुंचाना अथवा जानबूझकर उसकी गरिमा के विरुद्ध कोई कृत्य करना कानूनन दंडनीय है। उन्होंने जिलावासियों से हर घर तिरंगा अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने तथा बच्चों और आसपास के लोगों को भी राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा एवं सम्मान के प्रति जागरूक करने की अपील की।