कैथल के पद्मा सिटी मॉल में 'हर घर तिरंगा' प्रदर्शनी का शुभारंभ: DMC कपिल शर्मा बोले—तिरंगा हमारा स्वाभिमान | Kaithal News

हर भारतीय की पहचान, सम्मान, स्वाभिमान का प्रतीक है तिरंगा : डीएमसी कपिल शर्मा
पद्मा सिटी मॉल में हर घर तिरंगा प्रदर्शनी का शुभारंभ
तिरंगे के इतिहास और महत्व से रूबरू होंगे नागरिक
कैथल /12 अगस्त 2026/अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जिले में चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत पदमा सिटी मॉल में विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का शुभारंभ डीएमसी कपिल शर्मा ने किया। सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा तैयार की गई इस प्रदर्शनी का उद्देश्य लोगों को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के गौरवशाली इतिहास, महत्व और सम्मान पूर्वक उपयोग से जुड़े नियमों के प्रति जागरूक करना है।
डीएमसी कपिल शर्मा ने कहा कि हमारा राष्ट्रीय ध्वज केवल तीन रंगों का संगम नहीं है, बल्कि यह देश के 140 करोड़ भारतीयों की पहचान, सम्मान, स्वाभिमान तथा संकल्प का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हर घर तिरंगा अभियान जन आंदोलन बन गया है। यह देश के हर घर, हर परिवार और हर नागरिक के जीवन से जुड़ गया है।
कपिल शर्मा ने बताया कि वंदे मातरम को 150 वर्ष पूरे हो चुके हैं। इसको लेकर लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिले में इस प्रकार की चार जगह प्रदर्शनी लगाई गई है, जिसमें लघु सचिवालय, पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस, ताऊ देवी लाल पार्क तथा पदमा सिटी मॉल शामिल हैं। सभी आमजन इस प्रदर्शनी का अवलोकन करें और तिरंगे के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी हासिल करें।
उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में तिरंगे के विकास और उसके गौरवशाली इतिहास को चित्रों के माध्यम से दर्शाया गया है। इसमें वर्ष 1907 में मैडम भीकाजी कामा द्वारा जर्मनी के स्टुटगार्ट में फहराए गए ध्वज से लेकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस से जुड़ी पोर्ट ब्लेयर की ऐतिहासिक घटनाओं को भी प्रदर्शित किया गया है।
साथ ही भारतीय राष्ट्रीय ध्वज से संबंधित फ्लैग कोड ऑफ इंडिया तथा तिरंगे के सम्मानपूर्वक उपयोग से जुड़े नियमों की जानकारी दी गई है। इसके साथ ही अशोक चक्र के महत्व और तिरंगे के विभिन्न पहलुओं से जुड़े रोचक तथ्यों को भी प्रदर्शित किया गया है।
उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना है। इसलिए सभी आमजन अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा सम्मान पूर्वक फहराएं। इस अवसर पर उनके साथ जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी नसीब सिंह सैनी भी मौजूद रहे।
#Padma City Mall Kaithal#Haryana News#Tau Devi Lal Park Kaithal#Kaithal District News#DMC Kapil Sharma Kaithal#Har Ghar Tiranga Kaithal#Secretariate Kaithal#DIPRO Kaithal#Kaithal News Today#Haryana DIPR Exhibition