हरियाणा विधानसभा में उठा 1984 के सिख दंगों का मुद्दा, सीएम नायब सैनी और हुड्डा आमने-सामने

चंडीगढ़ में 27 अगस्त को हरियाणा विधानसभा सत्र के दौरान बड़ा राजनीतिक हंगामा देखने को मिला। हरियाणा विधानसभा में कांग्रेस द्वारा सदन से वाकआउट किए जाने के बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कांग्रेस पार्टी पर कड़ा पलटवार किया है। मुख्यमंत्री ने सदन में बोलते हुए कहा कि 55 साल तक अन्याय देश की जनता ने सहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी हमेशा झूठ फैलाने का काम करती है।
1984 के दंगों को लेकर मुख्यमंत्री नायब सैनी का बड़ा बयान
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कांग्रेस के कार्यकाल को याद करते हुए गंभीर आरोप लगाए। उनके कार्यकाल में टायर गले में डालकर लोगों को जलाया गया था। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जो लोग अपने केश से प्रेम करते थे, उन्हें भय के माहौल के कारण अपने केश कटवाने पड़े थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि 1984 का वह दौर आज भी लोगों के रोंगटे खड़े कर देता है। मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि कांग्रेस के लोग आज भी उन लोगों को अपना रोल मॉडल बताते हैं और इन लोगों ने आज तक इसके लिए माफी नहीं मांगी है।
कांग्रेस पर जख्मों पर नमक छिड़कने का आरोप
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार जनता के जख्मों पर नमक-मिर्च लगाने का काम कर रही है। जरनैल सिंह के सिख दंगों वाला पोस्टर सदन में दिखाने को लेकर भी विवाद हुआ। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि इसे हाउस में नहीं दिखाया जा सकता है क्योंकि ऐसा नियम है।
हुड्डा ने सरकार और स्पीकर पर उठाए सवाल
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपनी बात रखते हुए आगे कहा कि हमें तो नियम का पूरा पता है लेकिन सरकार को नियम का पता नहीं है। हुड्डा ने आरोप लगाया कि सरकार के पास इस मामले पर कोई जवाब नहीं है। उन्होंने यह भी मांग की कि विधानसभा स्पीकर का पद पूरी तरह से न्यूट्रल होना चाहिए, लेकिन मौजूदा समय में स्पीकर सरकार को बचाने का काम कर रहे हैं।