हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के कार्यकाल के 100 दिन हुए पूरे

चंडीगढ़, 10 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के प्रदेशाध्यक्ष के रूप में 100 दिन पूरे हो गए हैं। टिफिन बैठक से कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बढ़ाया गया है और 25 हजार किलोमीटर की यात्रा कर सभी 27 जिले मापे गए हैं।
28 मई 2026 को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने और 3 जून को पंचकूला स्थित पंचकमल कार्यालय में पदभार ग्रहण करने के बाद इन 100 दिनों में उन्होंने संगठन को केवल बैठकों और कार्यालयों तक सीमित रखने के बजाय कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं और विभिन्न वर्गों के बीच पहुंच बनाने पर विशेष जोर दिया। प्रदेश की दूसरी महिला भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के रूप में उनकी कार्यशैली में संगठनात्मक सक्रियता के साथ सामाजिक सरोकार, सेवा, धार्मिक-सांस्कृतिक जुड़ाव और राष्ट्रभाव प्रमुख रूप से दिखाई दिया।
कार्यकर्ता संवाद और जिला प्रवास
डॉ. अर्चना गुप्ता ने प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद सबसे पहले कार्यकर्ता संवाद को संगठन की प्राथमिकता बनाया। उनके आवास पर सुबह से शाम तक प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद हुआ। उन्होंने कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनीं, सुझाव लिए और संगठनात्मक विषयों पर खुलकर चर्चा की। जिलों के प्रवास को उन्होंने महज औपचारिकता न बनाकर कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचने और उनसे आत्मीय संबंध बनाने का माध्यम बनाया। इन 100 दिनों में प्रदेश के विभिन्न जिलों में लगातार प्रवास करते हुए उन्होंने करीब 25 हजार किलोमीटर की यात्रा की। सभी 27 संगठनात्मक जिलों में कार्यकर्ताओं के स्वागत, बैठकों और संवाद कार्यक्रमों ने संगठन में नई ऊर्जा का संचार किया।
बूथ स्तर तक संगठन को मजबूती
संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए बूथ सक्रियता, मंडल बैठकों, शक्ति केंद्रों की सक्रियता और डिजिटल प्रशिक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया गया। पन्ना प्रमुख से लेकर बूथ समिति, शक्ति केंद्र, मंडल, जिला और प्रदेश स्तर तक प्रत्येक कार्यकर्ता को जिम्मेदारी के साथ जवाबदेही का भाव देने की दिशा में प्रयास हुए। इसी क्रम में ‘टिफिन बैठक—साथ बैठना, साथ बढ़ना’ की पहल ने संगठनात्मक संवाद को आत्मीयता से जोड़ा। 370 मंडलों के अंतर्गत शक्ति केंद्रों तक इस पहल के माध्यम से कार्यकर्ताओं के बीच सहज संवाद और सामाजिक समरसता को बढ़ावा दिया गया।
सामाजिक वर्गों से सीधा संपर्क
डॉ. गुप्ता की 100 दिनों की यात्रा केवल संगठनात्मक गतिविधियों तक सीमित नहीं रही। सामाजिक संस्थाओं, सर्व समाज और विभिन्न समुदायों के कार्यक्रमों में सहभागिता के माध्यम से उन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों से सीधा संपर्क बनाया।