आदर्श स्कूल मिरान की छात्रा स्नेहा ने हरियाणा में तृतीय स्थान प्राप्त कर रचा इतिहास
तोशाम, /12 मई,/विष्णु दत्त शास्त्री
ग्रामीण परिवेश के विद्यालय की छात्रा ने पूरे हरियाणा में अपनी पढ़ाई का डंका बजाया है, जिससे क्षेत्र में खुशी की लहर है। गांव मीरान के आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्रा स्नेहा ने वाणिज्य संकाय में अपनी पढ़ाई के बलबूते पूरे हरियाणा में टॉप-3 में जगह बनाकर साबित कर दिया है कि परिश्रम के बलबूते कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि तोशाम क्षेत्र के गांव मिरान स्थित आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्रा स्नेहा सुपुत्री बलवान निवासी मिरान ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा (कॉमर्स संकाय अर्थात वाणिज्य) के परीक्षा परिणाम में पूरे हरियाणा में तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय, गांव एवं जिले का नाम रोशन किया है।
छात्रा की इस शानदार उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है और पूरा विद्यालय प्रशासन गौरवान्वित महसूस कर रहा है।

यह जानकारी देते हुए विद्यालय प्राचार्य सुरेंद्र सिंह ने बताया की हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यालय की शानदार परंपरा को कायम रखते हुए छात्रा स्नेहा ने विद्यालय को गौरवान्वित किया है।
इस उपलब्धि पर समस्त गुरुजनों ने छात्रा को बधाई देते हुए कहा कि उसकी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अध्ययन का यह उत्कृष्ट परिणाम है। छात्रा की सफलता से अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी। इस अवसर पर विद्यालय के सभी गुरुजनों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने भी छात्रा को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दी तथा छात्र के उज्जवल भविष्य की कामना की है।
Add A Comment


