मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा में पढ़ रहे 14 देशों के विदेशी विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा में पढ़ रहे 14 देशों के विदेशी विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को हरियाणा के विभिन्न विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत विदेशी विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। गो ग्लोबल अप्रोच के साथ हरियाणा को दुनिया से जोडऩे और युवाओं के लिए अंतरराष्ट्रीय अवसरों का विस्तार करने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विदेशी विद्यार्थियों को हरियाणा से शिक्षा लेकर अपने देशों में ब्रांड एंबेसडर बनने के लिए प्रेरित करना था।

बदलती दुनिया और आधुनिक तकनीकों पर चर्चा

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उपस्थित विदेशी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज दुनिया तेजी से बदल रही है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और अन्य आधुनिक तकनीकों ने शिक्षा, चिकित्सा और कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में नए अवसर पैदा किए हैं। ऐसे में युवाओं को लगातार सीखते रहने और बदलती दुनिया के साथ कदम मिलाकर आगे बढऩे की आवश्यकता है। युवाओं को गो ग्लोबल अप्रोच के साथ आगे बढ़ते हुए वैश्विक अवसरों का लाभ उठाना चाहिए।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

चौदह देशों के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

यह कार्यक्रम चंडीगढ़ में आयोजित किया गया था जिसमें चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र और महर्षि मार्कंडेश्वर यूनिवर्सिटी मुलाना में पढ़ रहे 14 देशों के विद्यार्थी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से उनके अध्ययन और शोध कार्य को लेकर सीधा संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से पूछा कि वे जिस विषय पर शोध कर रहे हैं, उसमें उन्हें क्या नया सीखने को मिला। इसके साथ ही उन्होंने हरियाणा में उनके अनुभव के बारे में भी जानकारी ली। विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपने अनुभव साझा किए और हरियाणा में शिक्षा तथा संस्कृति से जुड़े अपने विचार बताए।

विद्यार्थियों ने साझा किए अपने अनुभव

कार्यक्रम में अफ्रीकी देशों सहित विभिन्न देशों के विद्यार्थी शामिल हुए। इनमें अफगानिस्तान की एक छात्रा भी शामिल रही जिसने हरियाणा के एचएयू में पीएचडी पूरी की है। उन्होंने हरियाणा में बिताए 7 साल के अनुभव को साझा किया और खास बात यह रही कि उनका पूरा संवाद हिन्दी भाषा में रहा। अन्य विद्यार्थियों ने भी शोध और अध्ययन के अनुभव साझा किए और बताया कि हरियाणा में रहते हुए उन्हें भारतीय और हरियाणवी संस्कृति को समझने का अवसर मिला।

शिक्षा और शोध के नए अवसरों पर जोर

विदेश सहयोग विभाग की प्रधान सचिव अमनीत पी. कुमार ने मुख्यमंत्री को बताया कि हरियाणा के विद्यार्थियों को विदेशों में पढ़ाई के ज्यादा अवसर देने के लिए काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालयों को विदेशी विश्वविद्यालयों के साथ एमओयू बढ़ाने पर जोर दिया। विदेश सहयोग विभाग में मुख्यमंत्री के सलाहकार पवन चौधरी ने कहा कि 14 देशों के विद्यार्थी हरियाणा में शिक्षा और शोध का अनुभव ले रहे हैं।

Share:

Comments

Leave a comment