हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मलेशिया के पेनांग के उपमुख्यमंत्री जगदीप सिंह देव ने की मुलाकात

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से सोमवार को हरियाणा निवास में मलेशिया के पेनांग के उपमुख्यमंत्री जगदीप सिंह देव ने मुलाकात की। इस उच्चस्तरीय बैठक के दौरान हरियाणा और पेनांग के बीच निवेश, प्रौद्योगिकी, कौशल विकास, रोजगार तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। इस बैठक में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई, निवेश और कौशल विकास में आपसी सहयोग पर विशेष जोर दिया गया।
पेनांग के उपमुख्यमंत्री ने साझा किया सिख और पंजाबी विरासत का विशेष जुड़ाव
बैठक के दौरान पेनांग के उपमुख्यमंत्री जगदीप सिंह देव ने अपनी सिख और पंजाबी विरासत का उल्लेख करते हुए इस क्षेत्र के साथ अपने विशेष जुड़ाव को साझा किया। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को आगामी सितंबर महीने में पेनांग में स्थित एक प्रमुख ऐतिहासिक गुरुद्वारे के उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया।
हरियाणा प्रौद्योगिकी आधारित निवेश के लिए उभर रहा है प्रमुख गंतव्य
पेनांग के उपमुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा प्रौद्योगिकी आधारित निवेश के लिए एक प्रमुख गंतव्य के रूप में तेजी से उभर रहा है। राज्य सरकार नवाचार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नई पीढ़ी के उद्योगों के लिए एक मजबूत इकोसिस्टम तैयार करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने पेनांग के उपमुख्यमंत्री और वहां के नेतृत्व को अप्रैल 2027 में आयोजित होने वाले आगामी ‘हैपनिंग हरियाणा’ कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
पंचकूला और गुरुग्राम में विकसित किए जा रहे हैं आगामी एआई हब्स
मुख्यमंत्री ने पेनांग के नेतृत्व और मलेशियाई निवेशकों को हरियाणा में निवेश की संभावनाएं तलाशने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने विशेष रूप से पंचकूला और गुरुग्राम में विकसित किए जा रहे आगामी एआई हब्स का उल्लेख करते हुए कहा कि हरियाणा और पेनांग के बीच आपसी सहयोग से विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार सृजन की अपार संभावनाएं हैं।