हरियाणा एसआईआर पर कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट अलर्ट, चुनाव आयोग की मनमानी के खिलाफ वकीलों की टीमें तैनात

हरियाणा में एसआईआर को लेकर कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट अलर्ट: 'चुनाव आयोग की मनमानी से किसी पात्र का वोट कटने नहीं देंगे: एडवोकेट खोवाल
राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अभिषेक मनु सिंघवी के निर्देश पर एडवोकेट खोवाल का कड़ा रुख़;अदालत जाने से भी नहीं हटेंगे पीछे
राजेश सलूजा /हिसार /21 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
हरियाणा में चल रही मतदाता सूची संशोधन प्रक्रिया यानी एसआईआर (स्पेशल समरी रिवीजन) को लेकर कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है।
- हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी लीगल डिपार्टमेंट के स्टेट चेयरमैन एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में एआईसीसी लीगल डिपार्टमेंट के राष्ट्रीय चेयरमैन एवं सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं सांसद डॉ. अभिषेक मनु सिंघवी से मुलाकात की।
- इस दौरान प्रदेश की चुनावी परिस्थितियों पर गंभीर मंथन किया गया।
- डॉ. सिंघवी ने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि यदि प्रदेश में कहीं भी किसी पात्र नागरिक का नाम गलत तरीके से काटा जाता है या फर्जी वोट जोड़ने की शिकायत सामने आती है तो तुरंत संज्ञान लिया जाए।
- आवश्यकता पड़ने पर अदालतों में याचिका दायर करने से भी पीछे न हटा जाए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अभिषेक मनु सिंघवी के निर्देश पर एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने कड़ा रुख अपनाया है और अदालत जाने से भी पीछे न हटने की बात कही है। इस संबंध में एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र में वोट का अधिकार हर पात्र नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट प्रदेश के सभी 22 जिलों में वकीलों की विशेष टीमें तैनात करेगा।
वकीलों की ये विशेष टीमें एसआईआर प्रक्रिया पर पैनी नजर रखेंगी। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी प्रशासनिक लापरवाही या मनमानी के खिलाफ सड़क से लेकर अदालत तक मजबूती से लड़ाई लड़ी जा सके।