हरियाणा के कांग्रेस सांसदों का बड़ा दावा, कहा- भाजपा सरकार ने बदला प्रदेश का प्रतीक चिन्ह

हरियाणा कांग्रेस के सांसदों ने चंडीगढ़ में एक संयुक्त पत्रकार वार्ता के दौरान बड़ा दावा किया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सत्तारूढ़ भाजपा सरकार ने राज्य के प्रतीक चिन्ह को बदल दिया है। इस प्रतीक चिन्ह के बीच में भाजपा के चुनाव चिन्ह को दर्शाया गया है। आज कांग्रेसी नेता एचकेआरएन (HKRN) का घेराव करेंगे।
सांसदों की संयुक्त पत्रकार वार्ता
रोहतक से सांसद दीपेंद्र हुड्डा, अंबाला के सांसद वरुण मुलाना तथा राज्यसभा सांसद कर्मवीर बौद्ध ने मंगलवार को चंडीगढ़ में पार्टी के कई विधायकों के साथ एक संयुक्त पत्रकार वार्ता की। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार न तो हरियाणा वासियों का सम्मान कर रही है और न ही हरियाणा के चिन्ह का सम्मान कर रही है। हरियाणा के प्रतीक चिन्ह के बीच में एक राजनीतिक दल के चुनाव चिन्ह का निशान दर्शाया गया है।
वरुण चौधरी द्वारा दस्तावेज पेश
वरुण चौधरी ने दस्तावेज पेश करते हुए कहा कि असल चिन्ह कुछ और है लेकिन भाजपा सरकार कुछ और प्रयोग में ला रही है। बार-बार लिखित में देने के बावजूद कोई उत्तर नहीं आता है। भाजपा सरकार जनप्रतिनिधियों की चिट्ठियों का भी जवाब देना उचित नहीं समझती है।
मुख्य सचिव को चेतावनी और युवाओं पर अत्याचार का आरोप
राज्य सभा सांसद कर्मवीर बौद्ध ने हरियाणा के मुख्य सचिव को चेतावनी देते हुए कहा कि राज्य के प्रतीक चिन्ह को इस प्रकार से बदला नहीं जा सकता है। किसी भी सरकारी अधिकारी को किसी पार्टी विशेष के पक्ष में नहीं बल्कि कानून के मुताबिक काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा में युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है।
एचकेआरएन (HKRN) भर्ती पर गंभीर आरोप और घेराव का ऐलान
उन्होंने आरोप लगाया कि एचकेआरएन के जरिये ठेकेदारी पर भर्ती की जा रही है। जिसकी नौकरी लग जाती है उसे हर महीने ठेकेदार को कमीशन देना पड़ रहा है। एचकेआरएन के द्वारा भर्ती करना असंवैधानिक है। 19 अगस्त को कांग्रेस के सभी नेता, विधायक और सांसद पंचकूला में एचकेआरएन कार्यालय का घेराव करेंगे। इस अवसर पर विधायक शकुंतला खटक, विधायक बलराम दांगी, विधायक इंदुराज नरवाल, विधायक जस्सी पेटवाड़, विधायक देवेंद्र हंस, विधायक विकास सहारण और बलवान दौलतपुरिया मौजूद रहे।