जींद में साइबर ठगों का कमाल: बिना ओटीपी और फोन हैक हुए दो लोगों के बैंक खातों से गायब हुए चार लाख रुपये

जींद जिले में साइबर ठगों ने बड़ा कारनामा किया है। साइबर ठगों ने दो लोगों को चार लाख रुपये का चूना लगा दिया है। साइबर थाना पुलिस ने पीडि़तों की शिकायत के आधार पर अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हैरान करने वाली बात यह है कि शिकायतकर्ता के पास न तो किसी का फोन आया और न ही उसका फोन हैक हुआ था।
कुलदीप गोयत के खाते से निकले एक लाख 83 हजार 500 रुपये
साइबर थाना पुलिस को दी गई शिकायत में चौपड़ा पत्ती नरवाना निवासी कुलदीप गोयत ने पूरी जानकारी दी है। कुलदीप गोयत ने बताया कि उसके फोन पर गत 12 अगस्त को 98 हजार 500 रुपये बैंक खाते से कटने का मैसेज आया था। इसके बाद वह तुरंत एसबीआई में गया और अपने बैंक खाते की स्टेटमेंट निकलवाई। बैंक स्टेटमेंट से पता चला कि उसके खाते से दो बार में कुल एक लाख 83 हजार 500 रुपये गायब हो चुके हैं। यह सारे पैसे किसी और के बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए हैं। कुलदीप गोयत ने कहा कि उसके पास किसी भी तरह का कोई फोन नहीं आया था। उसने न तो किसी को अपना कोई ओटीपी बताया और न ही अपना बैंक खाता नंबर शेयर किया था। इसके बावजूद उसके बैंक खाते से पैसे गायब हो गए हैं। साइबर थाना प्रभारी जगदीप ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि साइबर ठगों ने किसी तरह से कुलदीप गोयत के बैंक खाते से पैसे उड़ाए हैं। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
तीन बैंक खातों से साइबर ठगों ने उड़ाए दो लाख 50 हजार रुपये
साइबर थाना पुलिस को एक अन्य शिकायत कुनाल जैन द्वारा दी गई है। कुनाल जैन ने पुलिस को बताया कि उसके पिता कुलदीप का बैंक खाता सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की सफीदों ब्रांच में है। इसके अलावा उनके पिता का दूसरा खाता एचडीएफसी बैंक की सफीदों ब्रांच में है। इन खातों के साथ-साथ उसकी दादी कलावती का खाता भी एचडीएफसी बैंक की सफीदों ब्रांच में ही मौजूद है। खास बात यह है कि इन तीनों ही बैंक खातों में एक ही मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड है। इस रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर को उसके पिताजी खुद चलाते हैं। कुनाल जैन ने बताया कि वह 12 अगस्त को अपने पिताजी का फोन चेक कर रहा था। फोन चेक करते समय उसे एक अगस्त की एक घटना का पता चला। उसके पिताजी के बैंक खाते से 50 हजार रुपये कटने का मैसेज मिला। इसके अलावा उसके पिताजी के दूसरे बैंक खाते से एक लाख रुपये कटने का मैसेज भी मिला। साथ ही उसकी दादी के बैंक खाते से भी एक लाख रुपये कटने का मैसेज उसके फोन पर दिखाई दिया। जब उसने बैंक में जाकर इस बारे में पता किया तो उसे बताया गया कि यह साइबर ठगों द्वारा की गई धोखाधड़ी है। कुनाल जैन ने पुलिस को बताया कि उसके पिता के पास किसी भी व्यक्ति की कोई फोन कॉल नहीं आई थी। इस मामले पर साइबर थाना प्रभारी जगदीप ने कहा कि पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।