चौथी टी-20 हरियाणा डेफ प्रीमियर लीग-2026 संपन्न, डेफ यमुनानगर किंग्स बनी विजेता और डेफ सिरसा वॉरियर्स उपविजेता

हरियाणा डेफ क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा डेफ वेलफेयर एसोसिएशन सिरसा के सहयोग से आयोजित एचडीसीए चौथी टी-20 हरियाणा डेफ प्रीमियर लीग-2026 का सफल समापन जेसीईएनसीए ग्राउंड में हुआ। इस प्रतियोगिता में राज्य की चार प्रमुख टीमों—डेफ यमुनानगर किंग्स, डेफ रोहतक ब्लास्टर्स, डेफ सिरसा वॉरियर्स और डेफ गुरुग्राम ग्लेडिएटर्स—ने भाग लिया। इस आयोजन ने मूक-बधिर क्रिकेट खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और राज्य में डेफ क्रिकेट को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मैच के परिणाम और मुकाबले
पहले मैच में डेफ सिरसा वॉरियर्स बनाम डेफ यमुनानगर किंग्स में डेफ यमुनानगर किंग्स 6 विकेट से विजयी रही। दूसरे मैच में डेफ रोहतक ब्लास्टर्स व डेफ गुरुग्राम ग्लेडिएटर्स में डेफ रोहतक ब्लास्टर्स 78 रन से विजयी रही। तीसरे मैच में डेफ गुरुग्राम ग्लेडिएटर्स व डेफ सिरसा वॉरियर्स में डेफ सिरसा वॉरियर्स 9 विकेट से विजयी रही। चौथे मैच में डेफ यमुनानगर किंग्स व डेफ रोहतक ब्लास्टर्स में डेफ यमुनानगर किंग्स 77 रन से विजयी रही।
विजेता और अतिथि विवरण
नेट रन रेट के आधार पर प्रतियोगिता का परिणाम घोषित किया गया, जिसमें डेफ यमुनानगर किंग्स विजेता जबकि डेफ सिरसा वॉरियर्स उपविजेता रही। समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे जिला क्रिकेट एसोसिएशन के प्रधान डॉ. वेद बैनीवाल, सोनिया शर्मा (समाजसेवी), डॉ. तनिष्का शर्मा और राजेंद्र ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। ललित जैन तथा सोनू हरजाई और सुधांशु गुप्ता ने अपनी विशेष उपस्थिति दर्ज करवाते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
आयोजन समिति और सहयोग
प्रतियोगिता की मेजबानी डेफ वेलफेयर एसोसिएशन सिरसा के चेयरमैन राज कुमार शर्मा, प्रधान ललित कुमार और महासचिव कुलबीर सिंह द्वारा की गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में हरियाणा डेफ क्रिकेट एसोसिएशन के चेयरमैन अशोक आर्य, महासचिव रविन्द्र कुमार और कार्यकारिणी सदस्य सुमित हुड्डा का विशेष योगदान रहा।