हरियाणा में ऊंची इमारतों की आग बुझाने के लिए खरीदे जाएंगे 90 और 104 मीटर के एरियल लेडर प्लेटफॉर्म

हरियाणा सरकार का अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा निदेशालय राज्य में आपातकालीन सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए बड़ा कदम उठाने जा रहा है। निदेशालय राज्य में 90 मीटर के दो और 104 मीटर के दो एरियल लेडर प्लेटफॉर्म की खरीद करने जा रहा है। इस खरीद से राज्य की ऊंची इमारतों में होने वाली आगजनी की घटनाओं पर समय रहते काबू पाने में बहुत मदद मिलेगी।
प्री-एनआईटी और मार्केट कंसल्टेशन बैठक का आयोजन
इस प्रस्तावित खरीद के संबंध में कई जरूरी पहलुओं पर चर्चा की जाएगी। इसमें तकनीकी मापदंडों, पात्रता मानदंड, वारंटी, डिलीवरी शेड्यूल और व्यावसायिक प्रावधानों पर विचार होगा। इसके लिए भारतीय व विदेशी निर्माताओं, अधिकृत प्रतिनिधियों एवं हितधारकों से सुझाव प्राप्त किए जाएंगे। इसके वास्ते निदेशालय एक प्री-एनआईटी और मार्केट कंसल्टेशन बैठक आयोजित करने जा रहा है। यह परामर्श बैठक आगामी 11 सितंबर को आयोजित की जाएगी।
पंजीकरण और बैठक का उद्देश्य
इस महत्वपूर्ण बैठक में भाग लेने के लिए इच्छुक हितधारकों को 10 सितंबर की शाम तक अपना पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण करने और अपने सुझाव प्रस्तुत करने के लिए आवेदक संस्था के नाम, प्रतिनिधि का नाम व पद, ईमेल आईडी और संपर्क नंबर के साथ तकनीकी ईमेल पर संपर्क करना होगा। विभाग ने यह स्पष्ट कर दिया है कि यह बैठक केवल आगामी टेंडर दस्तावेज को अंतिम रूप देने के लिए है। साथ ही यह उद्योग से सुझाव और जानकारी प्राप्त करने के उद्देश्य से की जा रही है। विभाग ने यह भी बताया है कि यह स्वयं में कोई टेंडर, ईओआई या चयन प्रक्रिया नहीं है और न ही इसमें भाग लेने वाले किसी भी हितधारक को भविष्य की खरीद प्रक्रिया में कोई विशेष अधिकार प्रदान किया जाएगा।