सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और भुगतान में हरियाणा देश भर में प्रथम स्थान पर: डॉ. सतीश खोला

सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और भुगतान में हरियाणा देश भर में प्रथम स्थान पर: डॉ. सतीश खोला

सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और समयबद्ध भुगतान की व्यवस्था के कारण हरियाणा आज देशभर में एक अलग पहचान बना रहा है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा डिजिटल गवर्नेंस, पारदर्शिता तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के क्षेत्र में लगातार नए आयाम स्थापित कर रहा है।

डॉ. सतीश खोला ने दी जानकारी

यह बात परिवार पहचान प्राधिकरण के स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला ने अपने सेक्टर-1 स्थित कार्यालय में नागरिकों की समस्याएं सुनने के दौरान कही। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का स्पष्ट निर्देश है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकार की किसी भी योजना से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य को लेकर प्रदेशभर में परिवार पहचान पत्र के माध्यम से योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

कार्यालय में पहुंचीं समस्याएं और समाधान

डॉ. खोला ने बताया कि आज उनके कार्यालय में लगभग 75 परिवार विभिन्न समस्याओं और योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने के लिए पहुंचे। इनमें परिवार पहचान पत्र, आय सत्यापन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत, लाडो लक्ष्मी योजना तथा अन्य सरकारी योजनाओं से संबंधित मामलों का समाधान किया गया। इसके साथ ही पात्र परिवारों को नई योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी पूरी की गई।

तकनीक के उपयोग से सरल हुई सरकारी सेवाएं

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने तकनीक के उपयोग से सरकारी सेवाओं को सरल, पारदर्शी और जवाबदेह बनाया है। परिवार पहचान पत्र व्यवस्था के माध्यम से पात्रता का स्वतः निर्धारण होने से लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। यही कारण है कि योजनाओं के क्रियान्वयन और लाभार्थियों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने में हरियाणा देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है।

नागरिकों से की गई अपील

डॉ. सतीश खोला ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने परिवार पहचान पत्र का विवरण सही एवं अद्यतन रखें ताकि उन्हें सरकार की सभी पात्र योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा विकास और जनसेवा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छूता रहेगा।

Share:

Comments

Leave a comment