हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला: ग्रामीण सफाई कर्मियों का मानदेय बढ़ाकर किया गया 18,100 रुपये प्रतिमाह

फरीदाबाद में भाजपा फरीदाबाद महानगर द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार सफाई कर्मियों का सम्मान हमारी सरकार की प्राथमिकता है। माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी जी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार ने प्रदेश के मेहनती ग्रामीण सफाई कर्मियों के हित में एक और महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। गांवों को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ रखने में दिन-रात अपनी सेवाएं देने वाले ग्रामीण सफाई कर्मियों का मानदेय ₹16,000 से बढ़ाकर ₹18,100 प्रतिमाह कर दिया गया है। सरकार द्वारा इसके साथ कई महत्वपूर्ण सुविधाएं भी प्रदान की गई हैं।
ग्रामीण सफाई कर्मियों को मिलने वाले अन्य भत्ते और सुविधाएं
गांव से बाहर ड्यूटी पर जाने वाले कर्मियों को ₹200 प्रतिदिन भत्ता देने का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा ₹6,000 वर्दी भत्ता और ₹1,500 वार्षिक धुलाई भत्ता भी दिया जाएगा। सरकार के आदेश के अनुसार जनवरी 2026 से बढ़े हुए मानदेय की बकाया राशि का भुगतान किया जाएगा। इसके साथ ही ड्यूटी के दौरान मृत्यु होने की स्थिति में परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा नियुक्ति तथा प्रत्येक माह की 7 तारीख तक मानदेय का भुगतान सुनिश्चित करने का निर्णय भी लिया गया है।
भाजपा जिला अध्यक्ष ने सराहा सरकार का यह कदम
इस निर्णय का स्वागत करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष श्री सोहनपाल सिंह जी ने कहा कि ग्रामीण सफाई कर्मी हमारे गांवों को स्वच्छ एवं स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके सम्मान, आर्थिक सुरक्षा और बेहतर भविष्य के लिए सरकार द्वारा उठाए गए ये कदम सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण और सम्मान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सफाई कर्मियों के हित में लिया गया यह निर्णय सरकार की संवेदनशीलता और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह जानकारी श्री सोहनपाल सिंह जिला अध्यक्ष, भाजपा फरीदाबाद महानगर द्वारा दी गई है।