हरियाणा में प्रशासनिक फेरबदल: छह आईएएस और छह एचसीएस अधिकारियों के तबादले, तत्काल प्रभाव से आदेश लागू

चंडीगढ़ में हरियाणा सरकार की ओर से एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की ओर से छह आईएएस और छह एचसीएस अधिकारियों के तबादला एवं नियुक्ति के आदेश जारी किए गए हैं। सरकार की तरफ से जारी किए गए ये आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
आईएएस अधिकारियों की नई नियुक्तियां
आधिकारिक आदेश के अनुसार आईएएस अधिकारी अनिरुद्ध यादव को हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं आधारभूत संरचना विकास निगम यानी एचएसआईआईडीसी का अतिरिक्त प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। इसके अलावा उन्हें ग्लोबल सिटी प्रोजेक्ट गुरुग्राम का मुख्य कार्यकारी अधिकारी भी बनाया गया है। अन्य आईएएस अधिकारियों की सूची में अदिति सिंघानिया को एसडीएम ऐलनाबाद बनाया गया है। इसके साथ ही राहुल कंवारिया जो कि प्रशिक्षाधीन हैं उनको एसडीएम पिहोवा नियुक्त किया गया है। प्रशिक्षाधीन आईएएस रुहानी को एसडीएम फिरोजपुर झिरका लगाया गया है। इसी क्रम में प्रशिक्षाधीन सुमन यादव को एसडीएम उचाना कलां और योगेश दिलहोर जो कि प्रशिक्षाधीन हैं उनको एसडीएम डबवाली के पद पर तैनात किया गया है।
एचसीएस अधिकारियों के नए कार्यभार
एचसीएस अधिकारियों के तबादलों के तहत चरखी-दादरी जिला परिषद के सीईओ विजेंद्र हुड्डा को जिला नगर आयुक्त चरखी-दादरी का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। इसके अलावा वेद प्रकाश को नगर निगम हिसार का अतिरिक्त आयुक्त नियुक्त किया गया है। आधिकारिक आदेशों के अनुसार लक्ष्मी नारायण को शहीद हसन खां मेवाती राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय नल्हड़ नूंह का संयुक्त निदेशक प्रशासन बनाया गया है। वहीं रमित यादव को हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान हिपा गुरुग्राम का संयुक्त निदेशक नियुक्त किया गया है। इसके अलावा गुरविंदर सिंह को एसडीएम नारनौल और पारस भगोरिया को नगर निगम करनाल का संयुक्त आयुक्त नियुक्त किया गया है।